भाजपा की जीत को सपा प्रत्याशी ने दी अदालत में चुनौती

भाजपा की जीत को सपा प्रत्याशी ने दी अदालत में चुनौती

देवबंद। उत्तर प्रदेश में हाल में संपन्न नगर निकाय चुनाव में सहारनपुर के देवबंद में चेयरमैन पद पर हुई भाजपा की जीत को समाजवादी पार्टी (सपा) प्रत्याशी रही जहीर फातिमा ने अदालत में चुनौती दी है।

जिला न्यायालय में याचिका दायर कर मतगणना में धांधली कर भाजपा प्रत्याशी को जिताने का आरोप लगाते हुए पुर्नमतगणना की मांग की गई। अदालत ने इस संबंध में राज्यमंत्री बृजेश सिंह, नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष, डीएम व एसडीएम समेत 27 को एक सप्ताह के अंदर नोटिस जारी करने के आदेश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई पांच जुलाई को होगी।

जिला जज के यहां दायर याचिका में पूर्व विधायक माविया अली की पत्नी जहीर फातिमा ने कहा है कि हाल ही में हुए नगर निकाय चुनाव में वह देवबंद में अध्यक्ष पद से सपा की अधिकृत प्रत्याशी थी। आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल भाजपा के लोक निर्माण विभाग राज्यमंत्री बृजेश सिंह के दबाव में आकर सरकारी मशीनरी ने चुनाव में धांधली कर उन्हें हराने का काम किया है। पहले मतदान के दिन फर्जी वोटिंग कराई गई। इसके बाद भी जब वह जीतने की स्थिति में दिखीं तो मतगणना में भारी धांधली की गई। मतगणना के दौरान प्रत्येक बूथ पर वोटों में हेराफेरी की गई। याचिका में इन तथ्यों के आधार पर पुन: मतगणना कराने की मांग की गई है।

वार्ता

epmty
epmty
Top