सपा-भाजपा आमने सामने, बसपा ने किया किनारा

सपा-भाजपा आमने सामने, बसपा ने किया किनारा

रामपुर। उत्तर प्रदेश की रामपुर संसदीय सीट के लिये होने वाले उपचुनाव में यूं तो मुख्य मुकाबला समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच होने की संभावना है हालांकि कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार के पर्चा खरीदने से मुकाबला त्रिकोणीय होने के आसार बनने लगे है।

उपचुनाव के लिए नामांकन का वक्त जैसे-जैसे समाप्ति की ओर है, वैसे वैसे उम्मीदवारों के नाम सामने आते जा रहे हैं। सपा की ओर से आजम खान की पत्नी डॉ तजीन फातिमा उम्मीदवार हो सकती हैं वहीं पूर्व समाजवादी नेता घनश्याम सिंह लोधी जिन्होंने अब भाजपा का दामन थाम लिया है, का नाम उम्मीदवार के तौर पर सामने आया है। इसके अलावा कांग्रेस की ओर से पार्टी हाईकमान के करीबी और वरिष्ठ नेता संजय कपूर और कांग्रेस से ही नवाब काजिम अली खान और नवेद मियां की उम्मीदवारी के कयास लगा लगाए जा रहे हैं। वहीं बसपा ने इस चुनाव से दूरी बनाकर रखी है, और कोई भी उम्मीदवार खड़ा नहीं किया है।

सपा के नगर अध्यक्ष आसिम राजा ने आज आजम खान की पत्नी डॉ तजीन फातिमा के नाम से लोकसभा उपचुनाव के लिए पर्चा खरीदा है। डा तजीन फातिमा रामपुर शहर सीट से विधायक रह चुकी हैं और शिक्षा जगत से जुड़ी हुई हैं। डा तजीन फातिमा डिग्री कॉलेज से प्रवक्ता के पद से रिटायर हुई हैं। उनपर कई मुकदमे लगे होने के चलते वह जेल से जमानत पर रिहा हैं। डॉ तजीन फातिमा सपा की ओर से राज्यसभा सदस्य भी रह चुकी हैं। आजम खान अभी तक दिल्ली में स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव, उन से अस्पताल में मिलने गए थे और करीब 3 घंटे उनकी बातचीत आजम खान से हुई थी। इस दौरान राजनीतिक परिदृश्य पर भी उनकी बातचीत हुई थी और तय किया गया था कि लोकसभा उपचुनाव के लिए रामपुर से आजम खान के परिवार से ही कोई प्रत्याशी होगा। आजम खान आज रामपुर पहुंच गए।

रामपुर में भाजपा ने आजम खान के करीबी पूर्व सपा जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम सिंह लोधी पर दांव लगाया है। घनश्याम सिंह लोधी ने भाजपा के समर्थन से आज नामांकन के लिए पर्चा खरीदवाया है। घनश्याम सिंह लोधी, आजम खान के करीबी माने जाते हैं और सपा से जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे और अब उन्हें इस त्याग के बदले भाजपा की ओर से उम्मीदवार बनाया जा रहा है। भाजपा के जिला प्रवक्ता राजीव मांगलिक ने बताया कि घनश्याम सिंह लोधी भाजपा के लोकसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार होंगे। घनश्याम सिंह लोधी पूर्व एमएलसी और पूर्व विधायक रह चुके हैं।

रामपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस के दो नेताओं में दौड़ चल रही है। कांग्रेस आलाकमान के करीबी माने जाने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेता आईएनसी के राष्ट्रीय सचिव संजय कपूर ने नामांकन के लिए पर्चा खरीदा है,वहीं नवाब खानदान से ताल्लुक रखने वाले पूर्व मंत्री काजिम अली खान उर्फ नवेद मियां ने भी नामांकन के लिए पर्चा खरीदा है। अब दोनों कांग्रेसी नेता में कांग्रेस का उम्मीदवार कौन होगा। यह 6 जून तक साफ हो जाएगा। फिलहाल किसी के नाम पर मुहर नहीं लगाई गई है। नवेद मियां बीते विधानसभा चुनाव में शहर सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार थे और मामूली वोट लाकर बुरी तरह पराजित होकर चौथे नंबर पर रहे थे। वहीं, कांग्रेसी नेता संजय कपूर भी राष्ट्रीय नेतृत्व से जुड़े हुए हैं और कई बार चुनाव की कमान संभाल चुके हैं।

बीते विधानसभा चुनाव में रामपुर की बिलासपुर सीट से कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी रहे थे और बुरी तरह पराजित हुए थे। कांग्रेस आलाकमान किसके नाम पर मुहर लगाता है, यह भी 6 जून तक साफ हो जाएगा।

रामपुर के लोकसभा उपचुनाव से बसपा ने दूरी बना रखी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक बसपा इस चुनाव में कोई भी अपना कैंडिडेट खड़ा नहीं करेगी और ना ही किसी को समर्थन देगी। इसके अलावा रामपुर में उपचुनाव के लिए कई निर्दलीय उम्मीदवारों ने पर्चा खरीदा है, लेकिन अभी तक किसी ने भी नामांकन दाखिल नहीं किया है।

सं प्रदीप

वार्ता

epmty
epmty
Top