सिद्धू 20 नेताओं के साथ लखीमपुर रवाना

सिद्धू 20 नेताओं के साथ लखीमपुर रवाना

सहारनपुर। लखीमपुर में मृतक किसानो के परिजनों के आंसू पोछने भारी भरकम काफिले के साथ जाने की जिद पर अड़े पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को आखिरकार 20 नेताओं के साथ जाने की इजाजत दे दी गयी।

अधिकृत सूत्रों ने बताया कि सहारनपुर पुलिस ने गुरूवार रात करीब नौ बजे पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, पार्टी महासचिव सरदार प्रगट सिंह, कांग्रेस प्रवक्ता भूपेंद्र सिंह, परिवहन मंत्री राजा अमरिंदर सिंह वडिंग,फतेह सिंह बाजवा,विधायक बलविंदर सिंह धारीवाल, संतोष सिंह, मंत्री गुरमीत सिंह एंव तपेनदर सिंह बाजवा समेत करीब 20 प्रमुख कांग्रेस नेता को हिरासत से मुक्त कर दिया।

पुलिस अधीक्षक नगर के मुताबिक ये सभी लोग उसके बाद लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हो गए। इससे पहले गुरूवार सुबह लखीमपुर खीरी जा रहे पंजाब और हरियाणा के प्रमुख कांग्रेस नेताओं को उनके काफिले के साथ सहारनपुर-शामली सीमा पर ही रोक लिया था। सहारनपुर-हरियाणा सीमा पर सरसावा थाने की शाहजहांपुर पुलिस चौकी के तहत पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू से सहारनपुर के कमिश्नर डा. लोकेश एम,मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक राजीव सब्बरवाल, डीआईजी सहारनपुर रेंज डा. प्रीतिन्द्र सिंह, डीएम अखिलेश सिंह और एसएसपी डा. एस चनप्पा बातचीत की। प्रशासन ने श्री सिद्धू को यह स्पष्ट बता दिया है कि वे पांच लोगों के साथ ही लखीमपुर खीरी जा सकते हैं।

अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के साथ पंजाब के कई विधायक, कांग्रेस कार्यकर्ताओ के करीब 250 वाहनों के साथ आ रहे थे। उन्हें सरसावा इलाके में राज्य की सीमा पर शाहजहांपुर पुलिस चौकी के पास रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने बेरिकेटिंग कर रखी थी। काफिले को रोकने पर आक्रेशित कांग्रेस कार्यकर्ता बेरिकेटिंग पर चढ़ गए, कुछ बेरिकेटिंग को जोर-जबरदस्ती से हटा दिया।

डा. प्रीतिन्द्र सिंह ने बताया कि सहारनपुर रेंज के शामली में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व केंद्रीय मंत्री शैलजा चौधरी 40 वाहनों के काफिलें के साथ हरियाणा से शामली जिले में प्रवेश कर गए। जहां पुलिस ने उनको लखीमपुर जाने से रोक दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा से आग्रह किया था कि पांच लोगों के साथ वे लखीमपुर खीरी जा सकते हैं ,लेकिन हुड्डा नहीं माने और अपने काफिलें साथ लखीमपुर खीरी जाने की जिद्द पर अड़े रहे। लंबी जद्दोजेहद के बाद पुलिस प्रशासन ने हुड्डा के काफिले को हरियाणा वापस लौटा दिया।


वार्ता

epmty
epmty
Top