घोषणाओं को कांग्रेस शासित राज्यों में लागू करवाकर दिखाएं प्रियंका

घोषणाओं को कांग्रेस शासित राज्यों में लागू करवाकर दिखाएं प्रियंका

भोपाल। मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के उत्तर प्रदेश विधानसभा को लेकर चुनावी मंच से की जा रहीं घोषणाओं को लेकर आज उनपर हमला करते हुए कहा कि पहले वे इन घोषणाओं को कांग्रेस शासित राज्यों में लागू करवाकर दिखाएं।

नरोत्तम मिश्रा ने यहां मीडिया से चर्चा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर हमला किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में वह चुनावी मंच से जो घोषणाएं कर रहीं हैं, उनको पहले कांग्रेस शासित राज्यों में तो लागू करवा कर दिखाएं। वैसे भी प्रियंका को अच्छी तरह पता हैं कि उत्तर प्रदेश में उनकी सरकार तो बनने वाली नहीं है, इसलिए घोषणा पर घोषणा कर रहीं हैं।

गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के बारे में सोचते हैं और पूरा देश भी इस पर भरोसा करता है कि प्रधानमंत्री उनके बारे में सोचते हैं। इसलिए अगर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और प्रशांत किशोर भी सोचते हैं कि नरेंद्र मोदी ताकतवर होते जा रहे हैं, तो इसमें हैरानी की क्या बात है।

नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि त्रिपुरा हिंसा पर ज्ञापन में आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने पर पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) संगठन से जुड़े छह लोगों को आईपीसी की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि इसी तरह की भाषा का प्रयोग पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी अपने भाषणों में करते हैं।


वार्ता

epmty
epmty
Top