आजम खां को प्रसपा में शामिल होने की शिवपाल यादव ने की पेशकश

आजम खां को प्रसपा में शामिल होने की शिवपाल यादव ने की पेशकश

रामपुर। प्रगति शील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और सांसद आजम खान से उनकी पार्टी में शामिल होने की पेशकश की है।

उत्तर प्रदेश में आगामी विधान सभा चुनाव के मद्देनजर पूरे राज्य में रथ यात्रा के दौरान रामपुर पहुंचे शिवपाल ने कहा कि आजम खान के लिये प्रसपा के दरवाजे हमेशा खुले हैं। उल्लेखनीय है कि वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े विभिन्न मामलों में अदालती कार्यवाही का सामना कर रहे आजम खान इन दिनों जेल में हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ राजनीतिक टकराव के बाद नयी पार्टी बनाने वाले शिवपाल आगामी विधान सभा चुनाव में सपा से गठबंधन नहीं होने की स्थिति में सभी सीटों पर प्रसपा के प्रत्याशी उतारने की घोषणा पहले ही कर चुके हैं।

प्रसपा की चुनावी रथ यात्रा के साथ रामपुर पहुंचने पर यादव ने कहा, 'आजम खान अगर प्रसपा में आएंगे तो हम उन्हें लेने के लिए तैयार हैं।' आजम खान को प्रसपा में शामिल करने के पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा, 'आप बात करके बता दीजिए। अगर वह आएंगे तो हम उन्हें लेने को तैयार हैं।'

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि आजम खान के साथ सरकार बदले की भावना से कार्यवाही की कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सच बोलने वालों के ऊपर कार्यवाही की जा रही है उन्हें जेल में ठूंसा जा रहा है। उन्होंने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आह्वान किया कि सभी छोटे दल मिलकर साथ चलें ताकि केन्द्र और राज्यों में भाजपा सरकारों को हराया जा सके।

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी भाजपा ने चुनाव से पहले जो वायदे किए थे, वह पूरे नहीं किए। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि उनके साथ समाजवादी विचारधारा के लोग, किसान और सभी वर्गों के लोग हैं। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा सत्ता परिवर्तन के लिए की जा रही है। इसके जरिये सभी दलों को भाजपा के खिलाफ लामबंद होने का संदेश दिया जा रहा है।

वार्ता

epmty
epmty
Top