शिवपाल को नेताजी से उम्मीद-कराएंगे अखिलेश से गठबंधन

शिवपाल को नेताजी से उम्मीद-कराएंगे अखिलेश से गठबंधन

मेरठ। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष को समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव से उम्मीद है कि वह सपा मुखिया अखिलेश यादव के साथ वोटों का बंटवारा रोकने के लिए उनकी पार्टी का गठबंधन जरूर कराएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को हटाने के लिए समान विचारधारा वाली पार्टियों को एक मंच पर आना ही होगा। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है।

शुक्रवार को वेस्टर्न यूपी चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज बॉम्बे बाजार के सभागार में आयोजित की गई प्रेसवार्ता में मीडिया कर्मियों के साथ बातचीत करते हुए प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि उनकी पार्टी देश की एक राष्ट्रीय पार्टी के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में अवश्य ही गठबंधन करेगी। इसकी घोषणा समुचित समय आने पर की जाएगी, राष्ट्रीय के लिहाज से उनका इशारा कांग्रेस की तरफ माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसान बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। महंगाई सातवें आसमान पर पहुंचते हुए चारों तरफ अपना कहर बरपाए हुए हैं।

उत्तर प्रदेश के साथ देश के हुनरमंद लोग काम नहीं मिलने की वजह से परेशान हैं। जिससे चारों तरफ बेरोजगारी का आलम पसर गया है। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा शुरू की है जो 12 अक्टूबर को कृष्ण की नगरी मथुरा से शुरू होकर विभिन्न शहरों से गुजरते हुए क्रांति धरा मेरठ में पहुंची है। चाचा भतीजे के बीच गठबंधन किए जाने के सवाल पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि मुझे सम्मान चाहिए। प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करना मेरी प्राथमिकता में शामिल है। नेताजी मुलायम सिंह यादव मेरे और अखिलेश यादव के बीच बात कराएंगे। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश सचिव शशि पिंटू राणा, जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी, प्रदेश सचिव जीशान अहमद, शैंकी वर्मा, शादाब और समीर समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।



epmty
epmty
Top