रालोद का कुनबा बढ़ा- पूर्व BSP जिलाध्यक्ष ने थामा रालोद का दामन

रालोद का कुनबा बढ़ा- पूर्व BSP जिलाध्यक्ष ने थामा रालोद का दामन
  • whatsapp
  • Telegram

नई दिल्ली। बहुजन समाज पार्टी के तीन बार मुजफ्फरनगर जिला अध्यक्ष और कई मंडलों के कोऑर्डिनेटर व पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सुरक्षित सीटों के प्रभारी रहे कमल गौतम ने अपने साथियों के साथ हाथी से उतरकर रालोद के हैंडपंप का साथ पकड़ लिया।

बृहस्पतिवार को जनपद मुजफ्फरनगर के तीन बार बसपा जिलाध्यक्ष और मेरठ सहारनपुर और बुलंदशहर मंडल के कोऑर्डिनेटर तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सुरक्षित विधानसभा सीटों के प्रभारी रहे कमल गौतम अपने साथियों के साथ राजधानी दिल्ली पहुंचे। जहां उन्होंने रालोद सुप्रीमो चौधरी अजित सिंह से मुलाकात करने के बाद पार्टी में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की। रालोद मुखिया ने पूर्व बसपा जिलाध्यक्ष और उनके साथियों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया और उनके आग्रह को स्वीकार कर लिया। रालोद प्रमुख चौधरी अजित सिंह के निर्देश पर संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कमल गौतम व उनके साथियों को विधिवत रालोद की सदस्यता ग्रहण कराई। इस मौके पर जयंत चौधरी ने कहा कि पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों से प्रभावित होकर लोग लगातार संगठन से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि रालोद पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के समय से ही देश के किसानों, मजदूरों व गरीबों की आवाज रहा है। रालोद ने हमेशा समाज के सभी वर्गों की समस्याओं को लेकर अपनी आवाज उठाते हुए संघर्ष किया है। उन्होंने पार्टी में शामिल हुए पूर्व बसपा जिला अध्यक्ष कमल गौतम व उनके साथियों से उम्मीद जताई कि वे पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाकर संगठन को मजबूती देने का काम करेंगे। बसपा जिलाध्यक्ष के साथ रालोद की सदस्यता ग्रहण करने वालों में नितिन गौतम, अंकुर प्रजापति, शंकर पासी, देशपाल पांचाल आदि के अलावा कई अन्य युवा मुख्य रूप से शामिल रहे। सदस्यता ग्रहण के इस अवसर पर रालोद जिलाध्यक्ष चौधरी अजीत राठी, रालोद के पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक गुर्जर, सदर ब्लॉक अध्यक्ष उदयवीर सिंह आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।



  • whatsapp
  • Telegram
Next Story
epmty
epmty
Top