जनता के लिये संघर्ष करते हुए RLD हो रही मजबूत- जयंत सिंह

जनता के लिये संघर्ष करते हुए RLD हो रही मजबूत- जयंत सिंह

लखनऊ। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयन्त सिंह की उपस्थिति में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक दिल्ली के कोंस्टीट्यूशनल क्लब में आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के आगामी कार्यक्रमों व संगठन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि रालोद जनता के लिये संघर्ष करते हुए और भी मजबूत होती जा रही है। बैठक में चौधरी जयन्त सिंह के साथ राष्ट्रीय लोकदल के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी मौजूद रहे।


राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने देश में बढ़ रहे आर्थिक संकट पर चिंता व्यक्त की। इस दौरान उनके द्वारा कहा गया कि रोजाना डीज़ल, पेट्रोल और रसोई गैस के दामों पर हो रही वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। वहीं सरकारी भर्तियों में अनियमितता से देश के प्रतिभाशाली युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रवेश हेतु आयु सीमा में दो वर्ष की छूट एवं दो अतिरिक्त अवसर प्रदान किए जाने की मांग को लेकर राजधानी दिल्ली में अनशन पर बैठे छात्रों के संघर्ष में राष्ट्रीय लोकदल उनके साथ है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने आंदोलनरत किसानों से वादे अनुसार न्यूनतम समर्थन मूल्य गारंटी कानून को लागू करने की मांग की।

चौधरी जयन्त सिंह ने संगठन में युवाओं, महिलाओं व अनुसूचित जाति-जनजाति की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हाल में हुई उत्तर प्रदेश की विधान मण्डल दल की बैठक की जानकारी दी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों के अध्ययन एवं संगठन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए समीक्षा समिति का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह समिति 15 अप्रैल तक उत्तर प्रदेश के ज़िलों में भ्रमण कर, अपना प्रतिवेदन सौंपेगी। संगठन सुधार के लिए चौधरी जयंत सिंह ने कार्यकारिणी के तीन सदस्यों की समिति गठित करने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि यह समिति पार्टी, चुनाव समीक्षा प्रतिवेदन के आधार पर पार्टी के मूल ढाँचे में परिवर्तन करने का रोड्मैप तैयार करेगी। बाबा हरदेव, केपी चौधरी और चौधरी प्रवीण सिंह को संगठन सुधार समिति के लिए नामित किया गया।

पार्टी पदाधिकारियों ने आगामी नगर निकाय चुनाव व राजस्थान विधानसभा चुनावों को मजबूती से लड़ने की बात कही। इसके अलावा बैठक में मौजूदा विधायकों व पूर्व विधायको के भी संगठन के साथ मिलकर काम करने पर बल दिया गया। पार्टी सदस्यता अभियान एवं संगठन की चर्चा को आगे बढ़ाने के लिए अगली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 24 अप्रैल को बुलाई गई है।

epmty
epmty
Top