प्रियंका गांधी ने अलवर घटना की ली जानकारी

प्रियंका गांधी ने अलवर घटना की ली जानकारी

जयपुर। राजस्थान में अलवर की घटना पर सियासी विवाद और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदर्शनों के बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से पूरे मामले की जानकारी ली है।

राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पीड़िता के पिता से फोन पर बात भी की है। साथ ही हर संभव सहायता दिलाने का विश्वास दिलाया। प्रियंका गांधी के फोन के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पहली बार अलवर मामले में ट्वीट कर देर रात प्रतिक्रिया दी। अलवर की घटना के बारे में प्रियंका गांधी ने खुद ट्वीट नहीं किया, लेकिन उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी सचिव धीरज गुर्जर ने देर रात ट्वीट कर प्रियंका गांधी के पीड़िता के पिता से बात करने और श्री गहलोत को निर्देश दिए जाने की जानकारी दी।

धीरज गुर्जर ने लिखा कि अलवर में जो घटना घटी है, वो नाकाबिले बर्दाश्त है। पीड़िता के पिता से प्रियंका गांधी की फ़ोन पर बात हुई है। उन्हें हर तरह से मदद का भरोसा दिलाने के साथ ही किसी भी प्रकार की सहायता के लिए सीधा सम्पर्क करने के लिए कहा है। साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से भी घटना के बारे में जानकारी लेने के साथ पीड़िता के इलाज, परिवार के ख़्याल और दोषियों पर त्वरित कार्यवाही का आग्रह किया है।

इस बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देर रात ट्वीट करते हुए लिखा कि अलवर में विमंदित बालिका के प्रकरण के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, जिला पुलिस अधीक्षक अलवर और बालिका का इलाज कर रहे वरिष्ठ डॉक्टरों से संपर्क बना हुआ है। डीजी पुलिस को स्वतंत्र और निष्पक्ष अनुसंधान कर शीघ्र मामले की तह तक पहुंचने के निर्देश दिए हैं। अलवर एसपी की सहायता के लिए राज्य स्तर से डीजी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में जांच के लिए अलग से टीम भेजी गई है।


वार्ता

epmty
epmty
Top