हिमाचल में प्रियंका ने भी ताना त्रिशूल

हिमाचल में प्रियंका ने भी ताना त्रिशूल

लखनऊ। हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अपना समूचा पराक्रम दिखाने का प्रयास कर रही हैं। राज्य में 68 विधानसभा सीटों के लिए 12 नवम्बर को मतदान होना है। चुनाव परिणाम 8 दिसम्बर को घोषित होंगे। नामांकन के बाद पता चला है कि कुल 413 प्रत्याशी अपने भाग्य को आजमा रहे हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने गत दिनों वहां प्रतिज्ञा रैली निकाली। इस बीच वह कहीं हाथ जोड़े नजर आयीं तो कहीं उनके हाथों में त्रिशूल भी देखा गया। बताया कि यदि उनकी पार्टी की सरकार बनी तो पहली ही बैठक में एक लाख पदों पर नियुक्ति का फैसला होगा। पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल करने समेत कांग्रेस ने कई वादे हिमाचल की जनता से किये हैं। प्रियंका की प्रतिज्ञा रैली मेंनारा लग रहा था- देवभूमि मेंपरिवर्तन की बयार, हिमाचल कांग्रेस की सरकार। कांग्रेस ने महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये की आर्थिक सहायता भी देने का वादा किया है। राज्य में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी जोरदार रैलियां कर रहे हैं। प्रियंका की प्रतिज्ञा रैली मंडी क्षेत्र में की गयी। शिमला से सटे छराबड़ा मेंप्रियंका वाड्रा ने घर भी बनवा रखा है।

मंडी में प्रियंका गांधी ने कहा कि पहली कैबिनेट बैठक में पुरानी पेंशन स्कीम बहाल की जाएगी। 1 लाख पदों पर नियुक्ति किया जाना तय होगा। पांच साल में पांच लाख रोजगार देंगे। 680 करोड़ का स्टार्ट अप फंड, जीरो फीसदी ब्याज पर लोन देंगे। प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार ने कर्मचारियों से धोखा किया। पेंशन भी छीन ली। बुढ़ापे में सिक्योरिटी नहीं। बागवानों से, किसानों से पूछिए। बड़े-बड़े उद्योगपति दाम तय कर रहे हैं। जब ऐसी स्थिति आ जाए तो बदलाव जरूरी है। मंडी में विकास नहीं हुआ। यहां की सड़कों का बुरा हाल है। क्या पांच साल आप और इनको देंगे। जागरूकता से अनुभव से देखें। इन्होंने पांच साल में क्या किया। प्रियंका गांधी ने 10 गारंटियां गिनाईं।प्रतिज्ञा रैली में प्रियंका गांधी ने कहा कि मेरा सौभाग्य है की बाबा भूतनाथ के दर्शन किए। आपने धूप में इतना इंतजार किया इसके लिए माफी चाहती हूं। सभी का इस सभा में स्वागत है। हम दो महापुरुषों को याद करते है। इंदिरा मेरी दादी की शहादत का दिन है और वल्लभ भाई का जन्मदिवस है। इंदिरा गांधी का हिमाचल के साथ अध्यात्मिक रिश्ता है। आज उन्हें गए हुए 40 साल हो गए। जनता का प्यार है। प्रियंका ने लोगों से पूछा- ऐसी क्या बात है इंदिरा जी में, मैं आपसे पूछ रही हूं। इंदिरा गांधी के जाने के बाद भारत में राजनीति बदल गई। जब हिमाचल बना तो इंदिरा ने शिमला में बर्फ में भाषण दिया। उस समय माहौल था कि प्रदेश तो बना रहे हैं लेकिन चलेगा नहीं। इंदिरा गांधी को पूरा विश्वास था। यशवंत सिंह परमार मुख्यमंत्री बने फिर वीरभद्र आए काम हुआ। हिमाचल को बनाने वाले हिमाचल के किसान, सैनिक इन सभी ने हिमाचल बनाया। जब चुनाव आता है तो बोला जाता है कि रिवाज बदलेंगे। यह परंपरा सौहार्द और धार्मिक मूल्यों वाला प्रदेश है। जब आपको कहा जाता है कि परंपरा बदलिए तो यह गलत है। आजकल स्वार्थ ज्यादा देखा जाता है। ये जो परंपरा आपने पांच साल की सरकार बदलने की बनाई है। अच्छी है। ताकि नेताओं को अपना काम का पता चल सके। यहां एक राजा के समय नेता थे नरोतम जो भ्रष्ट थे आपने उनको हटा दिया। इन्हें भी हटाएं।

प्रियंका ने लोगों से पूछा- यहां कितने युवा बैठे हैं। बताओ रोजगार मिला। नहीं मिला। 63 हजार पद खाली हैं। आपने पूछा सरकार से क्यों खाली हैं। यहां काम करने की नीयत नहीं है। हर भर्ती में घोटाला है। नौजवानों से खिलवाड़ किया है। पांच साल में कमरतोड़ महंगाई हुई है। जीएसटी जबरन थोप दिया गया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मंडी में हम सब प्रियंका के साथ आए हैं। बाबा भूतनाथ के दर्शन करके अच्छा लगा। उन्होंने सरदार वल्लभ भाई पटेल और इंदिरा गांधी अमर रहे के नारे लगवाए। कहा कि आप सभी ने इंदिरा जी को नमन किया। उनका हिमाचल से गहरा नाता है। प्रियंका तो हिमाचली हो गई हैं। यहीं इनका घर है। पांच साल पहले चुनाव हुआ तो आप लोग बहुत खुश थे क्योंकि मुख्यमंत्री यहीं से मिला। समय चलता गया और अब खुशी गायब हो गई है। महंगाई, भ्रष्टाचार में आकंठ हिमाचल डूबा है। डिग्रियां और पेपर बेचे जा रहे हैं। 2018 में राहुल गांधी छत्तीसगढ़ गए। किसानों से जो वादा किया था उसे पूरा किया। केंद्र सरकार ने अड़ंगा लगाया तो हमने बेहतर योजनाएं लागू की। जयराम कोई भी वादा पूरा नहीं कर पाए।

सांसद और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा की मंडी ने जो प्यार वीरभद्र परिवार को दिया है उसका कर्ज नहीं चुकाया जा सकता। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मील का पत्थर साबित होगी। वीरभद्र मंडी को अपनी कर्मभूमि कहते थे। उन्होंने सेंटर जोन का दर्जा मंडी को दिया। आईआईटी, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज स्वर्गीय वीरभद्र की देन है। प्रतिभा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई बार हिमाचल आ चुके हैं लेकिन एक बार भी बेरोजगारी और महंगाई कम करने की बात नहीं की। प्रदेश सरकार की लापरवाही से पुलिस भर्ती पेपर लीक हुआ। कांग्रेस की प्रतिज्ञा रैली में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस के 300 जवानों को तैनात किया गया, प्रियंका गांधी का रोड शो नहीं हुआ। सुरक्षा कारणों के चलते यह फैसला लिया गया है।कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, दो पूर्व विधायक सुभाष मंगलेट और जगजीवन पाल समेत छह नेताओं को पार्टी ने छह साल के लिए निष्कासित कर दिया। पार्टी हाईकमान ने इन नेताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर ये आदेश जारी किए।पार्टी नेताओं ने बताया कि हिमाचल में मतदान होने तक प्रियंका गांधी का शिमला में ही रुकने का कार्यक्रम है। प्रियंका शिमला से सभी जिलों में प्रचार के लिए जाएंगी। राजधानी शिमला से प्रियंका गांधी कांग्रेस के चुनाव प्रचार पर भी नजर रखेंगी।

हिमाचल प्रदेश की चौदहवीं विधानसभा की 68 सीटों के लिए चुनावी बिसात बिछ चुकी है। दिलचस्प हो चुकी इस सियासी जंग में भाजपा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की तर्ज पर सरकारें बदलने का रिवाज तोड़ने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है तो कांग्रेस सत्ता में लौटने के लिए पसीना बहा रही है। वर्ष 1990 के बाद प्रदेश में कोई भी सरकार रिपीट नहीं हो पाई है। इस मिथक को तोड़ने के लिए भाजपा केंद्र और राज्य सरकार के डबल इंजन की ताकत से रिवाज बदलने का नारा देकर चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस जवाब में रिवाज के बजाय सरकार बदलने के एलान के साथ रण में उतरी है। कांग्रेस हाईकमान ने इस चुनाव में पार्टी के सभी खेमों को आगे किया है। वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा को कोई महत्वपूर्ण जिम्मेवारी नहीं दी गई है। पूर्व सीएम दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा को चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बनाया तो पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू को चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया है। उन्हें टिकट आवंटन करने वाली स्क्रीनिंग कमेटी का भी सदस्य बनाया गया। वीरभद्र खेमे के एक अन्य नेता मुकेश अग्निहोत्री कांग्रेस विधायक दल के नेता हैं।

तीन दशक से बारी-बारी कांग्रेस-भाजपा की सरकार....1982 से 1985 के बीच कांग्रेस की सरकार रही। 1985 से 1990 तक फिर कांग्रेस की सरकार बनी और वीरभद्र सिंह दूसरी बार सीएम बने। 1990 से 1992 के बीच भाजपा की सरकार बनी और शांता कुमार सीएम रहे। 1993 से 1998 तक वीरभद्र सिंह के मुख्यमंत्रित्व में फिर कांग्रेस की सरकार बनी। 1998 से 2003 तक सीएम प्रेमकुमार धूमल के नेतृत्व में भाजपा, 2003 से 2007 तक वीरभद्र के नेतृत्व में कांग्रेस, 2007-2012 तक फिर धूमल के नेतृत्व में भाजपा, 2012-2017 तक वीरभद्र के नेतृत्व वाली कांग्रेस और 2017 से 2022 तक जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनी है। (हिफी)

epmty
epmty
Top