जनता सच्चायी का साथ दे - कमलनाथ

भांडेर। मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने आज कहा कि राज्य के विधानसभा उपचुनावों में आम जनता को सच्चायी का साथ देना चाहिए।
कमलनाथ ने दतिया जिले के भांडेर विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी फूल सिंह बरैया के पक्ष में यहां चुनावी सभा को संबोधित किया। इस मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व मंत्री डॉ गोविंद सिंह, अन्य नेता और प्रत्याशी बरैया भी मौजूद थे।
कमलनाथ ने कहा कि राज्य में 28 सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। इन चुनावों में जनता भले ही 'कमलनाथ और कांग्रेस' का साथ न दे, लेकिन उसे सच्चायी का साथ देना चाहिए और सच्चायी क्या है, जनता सब जानती है। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2018 में कांग्रेस ने 15 सालों बाद वोट की दम पर सरकार बनायी थी। लेकिन 15 माहों में ही नोट के दम पर सरकार गिरा दी गयी।
कमलनाथ ने कहा कि यदि वे भी सौदा कर लेते, तो उनकी सरकार नहीं गिर पाती। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। लेकिन अब जनता को सच्चायी का साथ अवश्य देना चाहिए। उन्होंने पूर्व की तरह दोहराया कि राज्य में उन्हें खजाना खाली मिला था। इसके बावजूद किसानों की ऋणमाफी दो चरणों में की गयी। इस बीच उनकी सरकार गिर गयी।
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि तीन नवंबर को मतदान और दस नवंबर को नतीजों के बाद राज्य में कांग्रेस सरकार की वापसी होगी। उस समय जनता की मौजूदगी में पुलिस और प्रशासन के उन अधिकारियों से भी हिसाब लिया जाएगा, जो भाजपा का बिल्ला जेब में रखकर कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रत्याशी बरैया ने अपने संबोधन में हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए उनके (श्री बरैया) वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि यह एक साजिश है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्होंने पुलिस और निर्वाचन आयोग से भी शिकायत की है। बरैया ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि वह इस वीडियो की सत्यता प्रमाणित करे कि वीडियो कब और कहां का है।
वार्ता