पंचायत चुनाव-सहारनपुर में वोट डालने के लिए लगी है मतदाताओं की लाइन

पंचायत चुनाव-सहारनपुर में वोट डालने के लिए लगी है मतदाताओं की लाइन

सहारनपुर। भारी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच जनपद के सभी पोलिंग बूथों पर पंचायत चुनाव शुरू हो गया है। मतदाता अपने-अपने पोलिंग बूथ पर पहुंचकर अपनी पसंद के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान कर रहे हैं। कई मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए मतदाताओं की लंबी लाइनें लगी हुई है। सवेरे 9.00 बजे तक लगभग 11.87 प्रतिशत मतदान हो चुका था।

बृहस्पतिवार को सहारनपुर जनपद के सभी विकासखंड क्षेत्र के पोलिंग बूथों पर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव शुरू हो गया। सभी पोलिंग बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बुधवार की शाम बूथों पर पहुंची पोलिंग पार्टियों ने आज सवेरे 7.00 बजे निर्धारित समय के अनुसार मतदान शुरू कराया। मतदान शुरू होने से पहले ही पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लाइनें लगनी शुरू हो गई थी। पंचायत चुनाव के चलते मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। लोग भारी संख्या में अपने घरों से निकलकर पोलिंग बूथों पर पहुंच रहे हैं। पोलिंग बूथों पर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था बनाने में लगी हुई है। जनपद में आज 884 ग्राम पंचायतों के लिए मतदान हो रहा है। जिसके माध्यम से 13402 प्रतिनिधि पंचायत के विभिन्न पदों के लिए चुने जाएंगे। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 22417 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमाने के लिए चुनावी मैदान में उतरे हैं। लोकतंत्र के इस महोत्सव में 1854991 मतदाता अपनी हिस्सेदारी करेंगे। मतदान शाम 6.00 बजे तक चलेगा। इसके बाद सभी मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में जमा करा दिया जाएगा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अखाड़े में उतरे धुरंधरों ने चुनाव प्रचार के दौरान खूब मेहनत की है। चुनाव जीतने के लिए प्रत्याशियों ने हर तरह के प्रयत्न किए हैं। मतदाताओं को लुभाने की बाबत चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों ने कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी है। चुनाव प्रचार के दौरान तमाम दावे वादे किए गए और मतदाताओं की मान मनोव्वल की गई। पोलिंग बूथों पर मतदान करने के लिए जा रहे मतदाताओं को चार मतपत्र दिए जा रहे हैं। इनमें जिला पंचायत सदस्य पद का मतपत्र गुलाबी रंग का है। जबकि क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए हल्का बैंगनी, ग्राम प्रधान पद के लिए हरा और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए सफेद रंग का मतपत्र मतदाताओं को दिया जा रहा है। प्रत्येक मतपत्र पर मोहर लगाकर मतदाता अपने पसंद के उम्मीदवार को वोट दे रहे हैं।










epmty
epmty
Top