भगवान का जब बुलावा आता है तभी दर्शन होते हैं: अखिलेश

भगवान का जब बुलावा आता है तभी दर्शन होते हैं: अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान राम के होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में जाने के सवाल पर कहा गुरुवार को कहा कि हम सभी लोग उस परंपरा को मानते हैं कि जब भगवान बुलाते हैं तभी दर्शन होते हैं।

सपा मुख्यालय में समाजवादी महिला सभा के राष्ट्रीय सम्मेलन में आज अखिलेश यादव ने पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए। स्वामी प्रसाद मौर्य के विवादित बयानों पर उन्होंने कहा कि ये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) वालों से पूछना चाहिए क्योंकि वे भाजपा में पांच साल रहे। यह उनकी व्यक्तिगत विचार हैं। सपा सभी धर्मों का सम्मान करती है।

पुलिस भर्ती में उम्र बढ़ाने के बाद जयंत चौधरी के बयान 'ये उनका न्यू ईयर गिफ्ट है' पर अखिलेश यादव ने सवाल किया, जयंत चौधरी को रिटर्न गिफ्ट में क्या मिला। फिर बोले कि सपा ने भी उम्र बढ़ाने की मांग की थी। उम्र को लेकर पूरे प्रदेश के नौजवान आक्रोश में थे। सरकार नौजवानों के आक्रोश से डरती है, इसीलिए उनकी मांग स्वीकार की। उन्होंने तंज कसा कि चुनाव करीब हैं इसलिए नौकरी की बात की है, लेकिन रिजल्ट वोट पड़ने के बाद भी नहीं आएगा।

उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी भाजपा को उत्तरप्रदेश की सभी 80 सीटों पर हराने का काम करेंगी। सपा प्रमुख ने कहा कि लोकसभा चुनाव की लगातार तैयारी हो रही है। गठबंधन बनने के बाद उत्तर प्रदेश की 80 सीटें हराने का काम करेंगे और भाजपा को हटाएंगे। उन्होंने कहा कि संविधान और नारी सम्मान दोनों बचाएंगे। महिलाओं को लेकर बोले कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी महिला संगठन पूरी ईमानदारी के साथ सपा को जिताने का काम करेगा। सपा ने हमेशा पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और महिलाओं की बात उठाई है। सबसे ज्यादा गैर बराबरी का सामना महिलाओं को करना पड़ता है। आरोप लगाया कि यूपी में महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। महिलाओं को मणिपुर याद है। सभी ने इस कांड की निंदा की लेकिन भाजपा ने नहीं की।

महिला सुरक्षा पर सपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर 1090 हेल्पलाइन शुरू की। सभी राज्यों के साथ उच्चतम न्यायालय ने तारीफ की। न्यूट्रीशन मिशन में गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार मिलता था। समाजवादी पेंशन 500 रुपये दे रही थी। हमारी सरकार बनती तो गरीब महिलाओं को 3000 रुपये देती।

महिला सम्मेलन में प्रस्ताव रखेंगे कि सपा अपने घोषणा पत्र के अनुरूप महिलाओं को 3000 रुपये महीना समाजवादी पेंशन देगी। महिला पहलवानों द्वारा सम्मान लौटाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए सपा उनके साथ है। पदाधिकारियों की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह और प्रदेश अध्यक्ष नीरू श्रीवास्तव सहित भारी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता थे।

वार्ता

epmty
epmty
Top