बीजेपी की जनसभा में नेताजी की हुंकार - थाना फुंकवाकर दिलाऊंगा न्याय

बीजेपी की जनसभा में नेताजी की हुंकार - थाना फुंकवाकर दिलाऊंगा न्याय

बहराइच। उत्तर प्रदेश में 18 वीं विधानसभा के गठन के लिए हो रहे चुनाव में मतदाताओं को अपने पाले में खींचने के लिए नेताओं के विवादित बयान तालियां तो खूब बटोर रहे हैं, मगर जिस तरह की बात कही जा रही है वह सुखद नहीं कही जा सकती है। भाजपा की जनसभा को संबोधित करते हुए निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर संजय निषाद के कानून व्यवस्था को लेकर बिगड़े बोलो को लेकर तालियां तो खूब बजी हैं मगर सोशल मीडिया पर उनका बयान वायरल होने के बाद तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है।

दरअसल भारतीय जनता पार्टी की ओर से बलहा विधानसभा सीट के बीजेपी उम्मीदवार के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने के लिए पहुंचे निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर संजय निषाद ने अपने विवादित बयान में कहा कि हम प्रधानमंत्री मोदी से बात करते हैं। गृह मंत्री अमित शाह से बात करते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात करते हैं और अगर जरूरत पड़ी तो थाना फुंकवाकर आपको न्याय दिलाया जाएगा। जनसभा के बीच डॉक्टर संजय निषाद की इस हुंकार को सुनते ही समूचा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। लेकिन बाद में यह वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के विवादित बयान को लेकर चारों तरफ चर्चाएं शुरू हो गई है। लोगों का कहना है कि कानून व्यवस्था को सुचारू करने का दंभ भरने वाली भारतीय जनता पार्टी के सहयोगी दल के नेता थाने फुंकवाकर न्याय दिलाने की बात आखिर किसे कह रहे हैं। क्या निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सरकार की कार्यवाही पर विश्वास नहीं है।


भारतीय जनता पार्टी की सहयोगी निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर संजय निषाद के उस समय भी बोल बिगड़ गए थे, जब भगवान पर विवादित बयान देते हुए डॉक्टर संजय निषाद ने कहा था कि भगवान राम अयोध्या के राजा दशरथ के पुत्र नहीं थे। बल्कि वह पुत्रेस्टि यज्ञ कराने वाले श्रृंगी ऋषि के बेटे थे। डॉक्टर संजय निषाद ने कहा था कि भगवान राम को राजा दशरथ का तथाकथित पुत्र कहा जा सकता है। लेकिन वह वास्तविक बेटे नहीं थे।

epmty
epmty
Top