लव मैरिज करने पर मंत्री की बेटी ने होम मिनिस्टर से मांगी सुरक्षा

लव मैरिज करने पर मंत्री की बेटी ने होम मिनिस्टर से मांगी सुरक्षा

बेंगलुरु। तमिलनाडु के मंत्री पी के शेखर बाबू की पुत्री ने बुधवार को कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र के साथ बैठक कर अपने और अपने पति के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग की। गृह मंत्री के साथ बैठक से पहले जयकल्याणी (24) और सतीश कुमार (27) ने अतिरिक्त पुलिस आयुक्त से मिलकर श्री बाबू के गुंडों से सुरक्षा की मांग की थी।

कर्नाटक सरकार से सुरक्षा मांगते हुए उन्होंने कहा कि तमिलनाडु पुलिस उनकी कोई मदद नहीं कर रही है क्योंकि उनके पिता राज्य की द्रमुक सरकार में मंत्री हैं। जयकल्याणी को यह डर है कि उसके पिता उसकी और उसके पति की हत्या कर देंगे। जयकल्याणी ने आरोप लगाया कि उनके पिता के गुंडे उनके पति को परेशान कर रहे थे। उन्होंने सतीश के परिवहन दफ्तर जाकर तोड़ फोड़ भी मचाई थी। उन्होंने कहा,"घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हमारे पास सबूत के तौर पर वीडियो मौजूद है।"

उन्होंने आरोप लगाया कि गुंडों ने तमिलनाडु की कई कंपनियों से संपर्क कर उनसे सतीश के साथ काम न करने के लिए कहा था। जयकल्याणी ने कहा कि कुमार एक परिवहन व्यवसाय चलाता है और वह उसे पिछले छह वर्षों से जानती है। उसके पिता उसकी शादी एक करोड़पति ईसाई लड़के से करना चाहते थे लेकिन वह सतीश से प्यार करती थी। जयकल्याणी ने कहा,"मेरे पति बालिग हैं। मेरी उम्र 24 साल है और वह 27 साल के हैं। मैंने अपनी इच्छा के अनुसार अपना घर छोड़ा था। पिछली बार जब हम घर से बाहर आए थे, तो मेरे पिता मेरे पति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज करने के लिए तैयार थे। जब मैंने दखल दिया और कहा कि अगर आप ऐसा करेंगे तो मैं आत्महत्या कर लूंगी, इसलिए उन्होंने कुछ नहीं किया।"

जयकल्याणी और सतीश कुछ दिन पहले हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार रायचूर के हलास्वामी मठ में शादी के बंधन में बंध गए थे।

वार्ता

epmty
epmty
Top