भाजपा छोड़कर गए मंत्री एवं विधायक हुए सपा में शामिल

भाजपा छोड़कर गए मंत्री एवं विधायक हुए सपा में शामिल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री का पद छोड़ने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य एवं धर्म सिंह सैनी समेत आठ विधायकों ने आज विधिवत रूप से समाजवादी पार्टी का दामन थामकर साइकिल की सवारी शुरू कर दी है। पता चल रहा है कि पूर्व कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान अभी तक पार्टी में शामिल होने वाले मंत्रियों एवं विधायकों के लिए आयोजित समारोह में शामिल होने के लिए नहीं पहुंचे हैं। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने मंच पर पहुंचते हुए सभी को अपने दल की सदस्यता ग्रहण कराई है।

शुक्रवार को समाजवादी पार्टी में शामिल होने के मौके पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने देश और प्रदेश के लोगों को गुमराह करते हुए बर्बादी के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया है। भाजपा सरकार में लोगों का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब उनका उद्देश्य भाजपा की सरकार को प्रदेश से खत्म करते हुए उत्तर प्रदेश को बीजेपी के शोषण से मुक्त कराना है। पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कहा है कि समाजवादी पार्टी के भीतर अब अंबेडकरवाद एवं समाजवाद का समागम है, जिसके चलते अब हम सभी ने भाजपा को उखाड़कर फेंकने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि आज 14 जनवरी को मकर सक्रांति के मौके पर भारतीय जनता पार्टी का अंत लिखा जा रहा है। भाजपा के वह बड़े नेता जो जगाने के बावजूद कुंभकरण की तरह सोते रहते थे, जिनको कभी विधायक एवं मंत्रियों से बात करने का समय तक नहीं मिलता था, आज हम लोगों के इस्तीफा देने के बाद उनकी नींद हराम हो गई है। कुछ लोग इस बात को कह रहे हैं कि मैंने अपने बेटे के टिकट के चक्कर में भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दिया है तो मैं ऐसे लोगों को बता देना चाहता हूं कि भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने इस देश के गरीबों, मजदूरों, पिछड़ों की आंखों में धूल झोंककर सत्ता हथियाई है।



epmty
epmty
Top