लोग जागरुक बनकर केन्द्र सरकार को बनाये जवाबदेह-प्रियंका

लोग जागरुक बनकर केन्द्र सरकार को बनाये जवाबदेह-प्रियंका

जयपुर। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने केन्द्र की मोदी सरकार पर नीयत सही नहीं होने एवं कुछ गिने चुने लोगों के लिए काम करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि लोगों को जागरुक बनकर उसे जवाबदेह बनाना और उससे जनता के प्रति जिम्मेदारी को पूरी करने के बारे में पूछा जाना चाहिए।

महासचिव प्रियंका गांधी आज यहां कांग्रेस की महंगाई हटाओ रैली को संबोधित कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि केन्द्र सरकार विकास एवं महंगाई की बात नही करेगी। उन्होंने कहा कि पेट्रोल एवं डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं और आज महंगाई के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के लोग सच्चाई नहीं बताते और जब चुनाव आते है तब जवाबदेही नहीं मानते है।

उन्होंने कहा कि जागृत बने और भाजपा की सरकार को जवाबदेह बनाये और उससे पूछे कि किस वजह से महंगाई बढ़ रही है, लोगों को राहत पहुंचाना सरकार की बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे वह पूरी क्यों नहीं कर रही है। सरकार से यह मांग की जानी चाहिए। उन्होंने केन्द्र सरकार पर लालच एवं झूठ की सरकार होने का आरोप लगाया वहीं कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार हजारों करोड़ रुपए विज्ञापनों पर खर्च कर रही है लेकिन किसानों को खाद नहीं दिला पा रही है।

उन्होंने कहा कि वह उन पीड़ितों से मिलकर आई हैं जिनके पति को कुचल दिया गया, उन्हें न्याय मिलना चाहिए। केन्द्र सरकार के एक मंत्री के बेटे ने लोगों को कुचल दिया, आज वह मंत्री प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मंच पर खड़ा नजर आता है।

महासचिव प्रियंका गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुनियां का भ्रमण किया लेकिन अपनी मांगों को लेकर पास में ही आंदोलन कर रहे किसानों से बात करने नहीं गए। उनके उद्योग मित्र करोड़ों कमा रहे हैं जबकि देश का किसान एक दिन में केवल 27 रुपए कमा रहा है। उन्होंने कहा कि आशा थी कि देश तरक्की करेगा लेकिन कहा जा रहा है कि कांग्रेस ने सत्तर सालों में क्या किया है, लेकिन इन सालों में कांग्रेस ने जो बनाया हैं उसे आज बेचना चाहते है, क्योंकि इनकी नीयत सही नहीं है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार जनता की भलाई नहीं चाहती और वह कुछ गिने चुने उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है और गोवा में एक उद्योगपति के लिए कोयल को ले जाने के लिए सड़क की सुविधा दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि महंगाई हटाने के लिए हम सबके साथ लड़ना पड़ेगा और उन्होंने भरोसा दिलाया कि इसके पीछे नहीं हटा जायेगा और लड़ाई लड़ते रहेंगे। उन्होंने राजस्थान की कांग्रेस सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि उसकी नियत सही हैं जिसने पांच लाख रुपए तक मुफ्त इलाज की व्यवस्था की हैं और एक लाख लोगों को रोजगार दिया और कोरोना के समय अच्छा काम किया है।


वार्ता

epmty
epmty
Top