'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान से कवर करेंगे छह लाख गांव- कांग्रेस

हाथ से हाथ जोड़ो अभियान से कवर करेंगे छह लाख गांव- कांग्रेस

नई दिल्ली, कांग्रेस ने कहा है कि 'भारत जोड़ो यात्रा' के बाद पार्टी 26 जनवरी से दो महीने तक 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान चलाएगी जिसके माध्यम से देश के छह लाख गांव तक कांग्रेस के संदेश को पहुंचाया जाएगा।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान 26 जनवरी से 26 मार्च तक चलेगा जिसमें ढाई लाख ग्राम पंचायतों के करीब छह लाख गांवों को कवर किया जाएगा।

उन्होंने कहा,"कांग्रेस पार्टी ने 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान की घोषणा की है। ये त्रिस्तरीय अभियान है- ब्लॉक स्तर, जिला स्तर और राज्य के स्तर पर चलेगा। इस अभियान के दौरान हमारे ढाई लाख ग्राम पंचायतों, करीब छह लाख गांवों और करीब 10 लाख मतदान केन्द्रों को कवर किया जाएगा। ऐसा अभियान, मैं समझता हूं कांग्रेस पार्टी ने पहले कभी नहीं किया है।"

प्रवक्ता ने कहा,"यह दो महीने का अभियान है। इस दौरान हर राज्य की राजधानी में एक 'महिला यात्रा' का आयोजन भी किया जाएगा। पद यात्राएं होंगी ब्लॉक के स्तर पर, जिले के स्तर पर अधिवेशन होंगे, जहाँ राज्य के नेता और राष्ट्रीय स्तर के नेता भी जाएंगे। राज्य की राजधानी में मुख्य कार्यक्रम होगा। अभियान 26 जनवरी से लेकर 26 मार्च तक चलाया जाएगा। अभियान से हमारे कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे। कोशिश की जाएगी कि हर घर में हम राहुल गांधी जी का एक खत और मोदी सरकार के खिलाफ हमने जो चार्जशीट तैयार की है, जो उसकी विफलताएं हैं पिछले आठ सालों में, उसके बारे में एक रिपोर्ट तैयार की गई है, वो भी हर घर में हम पहुंचाएंगे।"

उन्होंने कहा कि 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान एक तरीके से भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण है। इस अभियान का लोगो जारी किया जाएगा जिसमें कांग्रेस के चुनाव चिन्ह 'हाथ' को प्रमुखता दी जाएगी। उनका कहना था कि 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान के जरिए भारत जोड़ो यात्रा के संदेश को राजनैतिक भाषा में बदलकर, चुनावी भाषा के तौर पर घर घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

epmty
epmty
Top