बोले जयंत- भर्ती निकालने की बजाय सरकार युवाओं की निकाल रही उम्र

बोले जयंत- भर्ती निकालने की बजाय सरकार युवाओं की निकाल रही उम्र

मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार केंद्र एवं उत्तर प्रदेश में युवाओं को नौकरी देने के लिए नई भर्ती निकालने की बजाय पढ़े लिखे युवकों की उम्र निकालने में लगी हुई है। इंजीनियरिंग की डिग्री करने के बावजूद युवक जूनियर इंजीनियर भी नहीं बन पा रहे हैं। इसके लिए सरकार के साथ व्यवस्था की लड़ाई लड़नी होगी।

शनिवार को जनपद मुजफ्फरनगर के सावटू गांव में स्टेडियम की नींव रखने के लिए पहुंचे राष्ट्रीय लोकदल के मुखिया चौधरी जयंत सिंह का रालोद कार्यकर्ताओं एवं किसानों द्वारा गर्म जोशी के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा में रालोद विधानमंडल के नेता राजपाल बालियान भी मौके पर उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने इस मौके पर कहा है कि केंद्र और उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार ने नौजवानों को निराश किया है। क्योंकि उत्तर प्रदेश में इंजीनियरिंग डिग्रीधारी युवकों को जूनियर इंजीनियर की भी नौकरी नहीं मिल पा रही है।

सरकार विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों पर रिक्तियां निकालने की बजाय युवाओं की उम्र निकालने में लगी हुई है। इसके लिए सरकार के साथ-साथ व्यवस्था से भी लड़ाई लड़नी होगी। रालोद मुखिया ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में चीनी मिलों का नया पेराई सत्र आरंभ हो चुका है। लेकिन योगी आदित्यनाथ सरकार की ओर से अभी तक गन्ने का भाव डिक्लेअर नहीं किया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी के नेता हर छोटे बड़े मामले में हिंदू मुस्लिम की बात करते हैं, जिसके चलते भाजपा नौजवानों के सोचने समझने की क्षमता खत्म करने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जो पहले हुआ था आगे नहीं होने देंगे। लड़ाई लंबी है लेकिन किसान हित में मिलकर लड़ाई लड़ेंगे।

epmty
epmty
Top