बीच मझधार में इस पूर्व केंद्रीय मंत्री ने छोड़ा अपने दल का हाथ

बीच मझधार में इस पूर्व केंद्रीय मंत्री ने छोड़ा अपने दल का हाथ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 18 वीं विधानसभा के गठन के लिए हो रहे चुनाव में पार्टी का प्रचार प्रसार करने के लिए स्टार प्रचारक बनाए गए पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बीच मझधार में कांग्रेस का हाथ छोड़ दिया है। जिससे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के जरिए दोबारा से प्रदेश की राजनीति में अपने पांव जमाने की कोशिश कर रही कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है।

मंगलवार को उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ उतरकर प्रदेश की राजनीति में अपने पांव जमाने की कोशिश कर रही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को उस समय करारा झटका लगा, जब विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारक बनाए गए कांग्रेस के झारखंड इंचार्ज पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने कांग्रेस का हाथ छोड़ दिया। चुनाव के ऐन मौके पर स्टार प्रचारक द्वारा हाथ छोड़ दिए जाने से एकबारगी कांग्रेस हक्का-बक्का खड़ी रह गई है। पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे गए अपने इस्तीफे में उन्होंने पार्टी छोड़ने की जानकारी दी है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा की अगुवाई में एक बार फिर से उतर रही कांग्रेस की ओर से सोमवार को जारी की गई स्टार प्रचारकों की सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया था। कांग्रेस से इस्तीफा देकर बाहर गये पूर्व केंद्रीय मंत्री के अब देर सबेर कभी भगवा चोला धारण कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की खबर आ सकती है। मोक्ष पाने की तलाश में भाजपा में जाने पर पार्टी आरपीएन सिंह को पडरौना विधानसभा सीट से उतारकर योगी आदित्यनाथ की सरकार से केबिनेट मंत्री का पद छोडकर गये स्वामी प्रसाद मौर्य को ठिकाने लगाने की जुगत भिडा सकती है।



epmty
epmty
Top