संघ के प्रचारकों के कारण देश में हिन्दुत्व खड़ा हुआ- मंत्री कपिलदेव

संघ के प्रचारकों के कारण देश में हिन्दुत्व खड़ा हुआ- मंत्री कपिलदेव

मुजफ्फरनगर। व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मिशन विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि संघ के प्रचारकों के कड़े संघर्ष, बलिदान के कारण ही देश में हिन्दुत्व खड़ा हुआ है। आज जो भी विकास कार्य हो रहे हैं, उसका श्रेय जनता को जाता है, क्योंकि जनता ने ही देश व प्रदेश में मजबूत सरकार दी है।

व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मिशन विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने चर्चा आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की कार्यक्रम में आये सभी लोगों का सबसे पहले अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि एमएलसी दिनेश गोयल को आपने जिताकर भाजपा को मजबूत किया है। पीएम नरेन्द्र मोदी के कार्यों पर मोहर लगाई है। उन्होंने अपना संस्मरण सुनाते हुए कहा कि जब वे छोटे थे और कक्षा आठ या नौ में पढ़ते थे, तो एक दिन रात्रि में साइकिल से ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें रास्ते में वरिष्ठ प्रचारक प्रेम जी मिले, जो अब उत्तराखंड में है। उस समय संघ का कार्यालय आनंद मार्केट में हुआ करता था। मैंने उनसे आग्रह किया कि आईये घर चलें, भोजन कर लें। इस पर उन्होंने मंत्री कपिल देव को साइकिल पर बैठाया और खुद साइकिल चलाकर उनके घर पहुंच गये और भोजन किया। मंत्री कपिल देव ने कहा कि अगर वे उन्हें रास्ते में नहीं मिलते, तो शायद वे भूखे ही सो जाते। उन्होंने कहा कि ऐसे-ऐसे साधक रहे हैं। लाखों प्रचारक रहे हैं, जिन्होंने पार्टी की मजबूती के लिए संघर्ष किया। अपना बलिदान दिया। भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल उन्हीं प्रचारकों में से एक हैं। वे पश्चिम बंगाल में जहां भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है, कार्यकर्ताओं पर हमले हो रहे हैं, वहां प्रचार कर रहे हैं। आज ऐसे ही प्रचारकों के संघर्ष और बलिदान के कारण देश में हिन्दुत्व खड़ा हो पाया है। मंत्री कपिल देव ने ऐसे प्रचारकों को नमन किया।


उन्होंने कहा कि यहां चिकित्सक मौजूद हैं। वे सब जानते हैं कि पहले हाॅस्पिटल में मरीज को अगर कुछ हो जाये, तो हाॅस्पिटल के शीशे तोड़ दिये जाते थे। तोड़फोड़ हंगामा होता था। भाजपा की सरकार आने के बाद सीएम योगी ने कहा कि जो प्राईवेट सम्पत्ति को तोड़ेगा, उससे ही वसूली की जायेगी। आज किसी की हिम्मत नहीं कि तोड़फोड़ कर दे। उन्होंने कहा कि यह सब बदलाव हमने नहीं किया, बल्कि आपने किया है। आपने भाजपा के रूप में देश को प्रदेश को मजबूत सरकार प्रदान की है। मुजफ्फनगर विकास की दिशा में लगातार प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार से पूर्व 100 में से 70 लोहे की इंडस्ट्री बंद हो गई थी। आज भाजपा के राज में सब चालू हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि सपा की सरकार में 16 करोड़ रुपये की बिजली की रिकवरी जबरन की गई थी। उन पर मुकदमे कायम कराये गये थे। पेनल्टी लगाई गई थी। भाजपा की सरकार बनने के बाद हमने जो पेनल्टी जबरन वसूली गई थी, उसे वापिस कराया। भगवान श्रीराम के मंदिर का शिलान्यास हुआ। मथुरा, वृंदावन में घाट बनाने का कार्य किया गया। भाजपा ने क्या क्या किया, यह सबके सामने है। आगे क्या करना है, यह सब आपको सोचना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल लगातार कड़ा संघर्ष कर रहे हैं। वे लगातार पार्टी की मजबूती के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सुनील बंसल को समर्पित करते हुए एक शेर पढ़ा-

जिस दिन से चला हूं, मेरी मजिल पर नजर है,

मैंने कभी रास्ते में मील का पत्थर नहीं देखा,

ये फूल मुझको विरासत में नहीं मिले,

तुमने मेरा कांटो भरा बिस्तर नहीं देखा।

epmty
epmty
Top