किसानों पर एनएसए की धमकी तो देगी सरकार-मगर एमएसपी नहीं-प्रियंका

किसानों पर एनएसए की धमकी तो देगी सरकार-मगर एमएसपी नहीं-प्रियंका

लखनऊ। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि भाजपा सरकार किसानों के ऊपर एनएसए लागू करते हुए उन्हें धमका तो देगी, मगर किसानों को एमएसपी नहीं देगी। उत्तर प्रदेश के कई जनपदों के किसान 900 से लेकर एक हजार रुपए प्रति कुंतल का नुकसान उठाते हुए अपनी धान की फसल बेचने को मजबूर है। यह किसानों के साथ पूरी तरह से अन्याय है। किसानों को एमएसपी मांगने का हक है। पूरी मजबूती के साथ कांग्रेस किसानों के हक की लड़ाई लड़ेगी।

मंगलवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने योगी आदित्यनाथ सरकार के ऊपर ट्विटर के माध्यम से निशाना साधते हुए लिखा है कि भाजपा सरकार किसानों पर एनएसए लगाएगी। किसानों को धमकायेगी। लेकिन वह किसानों को एमएसपी नहीं देगी। दरअसल प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के एडीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार के उस बयान पर पलटवार किया है जिसमें लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा को लेकर किसानों के रेल रोको आंदोलन के संबंध में एडीजी प्रशांत कुमार ने कहा था कि यदि किसी ने भी कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं एनएसए भी लगाया जाएगा। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार की रात को ही राजधानी दिल्ली से चलकर लखनऊ पहुंची थी। बताया जा रहा है कि आज मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के टिकट बंटवारे में महिलाओं को 33 फ़ीसदी आरक्षण दिए जाने का ऐलान कर सकती है। इसके अलावा कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा को लेकर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी की बर्खास्तगी का मुद्दा भी एक बार फिर से उठाते हुए उसे गर्मा सकती हैं।

epmty
epmty
Top