अजित सिंह को हराकर किसानों ने की बड़ी गलतीः नरेश टिकैत

अजित सिंह को हराकर किसानों ने की बड़ी गलतीः नरेश टिकैत

मुजफ्फरनगर। भाकियू सुप्रीमो नरेश टिकैत ने किसान महापंचायत में अजित सिंह को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि किसानों ने चौधरी अजित सिंह को लोकसभा चुनाव हराकर बहुत बड़ी गलती है। यदि किसान अजित सिंह को चुनाव जिताते, तो जो आज किसानों के साथ जो हो रहा है, वह कभी नहीं होता।

किसानों से खचाखच भरे जीआईसी के मैदान में महापंचायत को सम्बोधित करते हुए भाकियू सुप्रीमो नरेश टिकैत ने बहुत बड़ी बात की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल के सुप्रीमो चौधरी अजित सिंह को मुजफ्फरनगर लोकसभा चुनाव में किसानों ने हराकर बहुत बड़ी गलती की है। किसानों को अजित सिंह को चुनाव जिताना चाहिए था। चौधरी अजित सिंह के पूरे परिवार ने किसानों की लड़ाई लड़ी है। किसानों के हितों में कार्य किया है। पूरा परिवार सदैव ही किसान हितैषी रहा है। किसान हितैषी को ही किसानों ने हरा दिया, यह उनसे बहुत बड़ी चूक हुई है।


नरेश टिकैत ने कहा कि किसान एक भोली-भाली बिरादरी है। उसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। वह देश के लिए अन्न उपजाने का कार्य करता है। वर्ष 2013 में किसानों को बहका लिया गया था। जिसके बाद माहौल खराब हो गया था। इसका फायदा भाजपा को मिला और वह चुनाव जीत गई। उन्होंने कहा कि जो गलती हो गई, उससे बहुत बड़ा सबक मिला है। अब भविष्य में ऐसा कभी नहीं होगा। अब हम सब मिल-जुलकर रहेंगे। कोई भी चुनाव हो, हम सब साथ रहेंगे। अब कोई भी हमें बहका नहीं सकता है। किसान अब किसी की भी चाल में नहीं फंसने वाले हैं। उन्होंने कहा कि किसान तो किसान है। हिन्दू-मुस्लिम का किसान बिरादरी में कोई भी भेद नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा तोड़ने का कार्य करती है। लेकिन अब किसान उसकी नीतियों को अच्छी तरह से समझ चुका है, अब किसान को बरगलाने की कोई भी हिम्मत नहीं कर सकता है।

नरेश टिकैत का महापंचायत से अजित सिंह के पक्ष में दिया गया बयान बहुत ही महत्वपूर्ण है। इससे रालोद को संजीवनी मिलने की पूरी संभावनाएं लगाई जा रही हैं। किसान एकता जिस तरह से रालोद से जुड़ रही है, उससे एक बार फिर से रालोद का राजनीतिक अस्तित्व उभरता हुआ नजर आ रहा है।

epmty
epmty
Top