दिल्ली बॉर्डर पर किसानों ने डाला डेरा, यातायात हुआ बाधित

दिल्ली बॉर्डर पर किसानों ने डाला डेरा, यातायात हुआ बाधित

गौतमबुद्धनगर। दिल्ली जाने के लिए अलीगढ़, हाथरस, आगरा और गौतमबुद्ध नगर आदि जिलों के सैकड़ों किसान नोएडा में चिल्ला बॉर्डर पहुंच गए हैं। किसानों ने बॉर्डर पर यातायात बाधित कर जाम लगा दिया है। मुख्य मार्ग पर अपने ट्रैक्टर ट्रॉली खड़े करके किसान धरना दे रहे हैं। किसानों का कहना है कि वह दिल्ली में जंतर- मंतर पर जाकर धरना देना चाहते हैं। अगर पुलिस उन्हें नहीं जाने देगी तो यहीं सड़क पर धरना देंगे। जब तक जंतर मंतर पर जाने की इजाजत नहीं मिलेगी, रास्ता नहीं छोड़ेंगे। दूसरी ओर दिल्ली पुलिस ने रास्तों पर बैरिकेडिंग कर रखी है। पुलिस का कहना है कि अगर वह बुराड़ी में संत निरंकारी मैदान जाना चाहते हैं तो कोई नहीं रोकेगा, लेकिन जंतर मंतर नहीं जाने दिया जाएगा।

मंगलवार की सुबह गौतमबुद्ध नगर पुलिस को अलीगढ़ और यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे वाले जिलों से इनपुट भेजा गया था कि बड़ी संख्या में किसान नोएडा पहुंच रहे हैं। किसान दिल्ली जाना चाहते हैं। यह जानकारी गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने दिल्ली पुलिस को दी। इसके बाद नोएडा-दिल्ली के सारे बॉर्डर लगभग सील कर दिए गए। दोनों ओर से पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। किसान गच्चा देकर दिल्ली ना पहुंच जाएं, इसके लिए व्यापक इंतजाम किए गए। दोपहर में करीब 1:00 बजे गौतमबुद्ध नगर के किसानों की 5 बसें दिल्ली बॉर्डर पर पहुंची। दिल्ली पुलिस और गौतमबुद्ध नगर पुलिस के अधिकारियों ने किसानों को समझा कर वापस भेज दिया था।

अब अलीगढ़, आगरा और हाथरस से सैकड़ों किसान ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर नोएडा पहुंचे हैं। इन किसानों ने चिल्ला बॉर्डर पर डेरा डाल दिया है। किसानों को दिल्ली पुलिस ने आगे नहीं बढ़ने दिया है। किसानों का कहना है कि वह जंतर मंतर पर जाकर धरना देना चाहते हैं। पुलिस अफसरों का कहना है कि अगर वे चाहें तो पंजाब और हरियाणा से आए किसानों के पास संत निरंकारी मैदान जा सकते हैं। चिल्ला रेगुलेटर के पास नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर यातायात पूरी तरह ठप पड़ गया है। किसानों ने ट्रैक्टर टोलियां खड़ी करके पूरा रास्ता ब्लॉक कर दिया है। गौतमबुद्ध नगर और दिल्ली पुलिस ने रूट डायवर्जन किए हैं। नोएडा पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि डीएनडी और दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करके दिल्ली व नोएडा के बीच आवागमन कर सकते हैं।

epmty
epmty
Top