बिहार में तीन चरण में 243 विधानसभा सीट के चुनावी नतीजे

बिहार में तीन चरण में 243 विधानसभा सीट के चुनावी नतीजे

पटना। बिहार में तीन चरण में 243 विधानसभा सीट के चुनाव में पड़े वोटों की गिनती आज सुबह आठ बजे कोरोना संक्रमण से बचाव के निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई।

राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, राज्य के सभी 38 जिले में बनाए गए 55 मतगणना केंद्रों पर आज सुबह आठ बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू हो गई। मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सबसे पहले बैलेट पेपर से डाले गए मतपत्रों की गिनती की जा रही है। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के मतों की गणना की शुरुआत होगी।

मतगणना केंद्रों पर कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन किया जा रहा है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, एक हॉल में सात टेबुल पर ही मतगणना की व्यवस्था की गई है। साथ ही, दूसरे समीप के हॉल में सात अन्य टेबुल पर मतगणना की प्रक्रिया भी चल रही है।

पहले मतों की गिनती करने के लिए एक हॉल में ही 14 टेबुल लगाए जाते थे लेकिन इस बार कोरोना के कारण दो हॉल में सात-सात टेबुल रखे गए हैं। मुख्य हॉल में निर्वाची पदाधिकारी और दूसरे हॉल में सहायक निर्वाची पदाधिकारी तैनात किए गए हैं। इनके अलावा प्रत्येक केंद्र पर माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात हैं। पूर्वी चंपारण, गया और बेगूसराय में तीन-तीन मतगणना केंद्र बने हैं जबकि मधुबनी, पूर्णिया, सहरसा, दरभंगा, गोपालगंज, भागलपुर, नालंदा, नवादा और बांका में दो केंद्र बनाये गए हैं।

इस बार के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के सबसे बड़े घटक एवं मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सबसे अधिक 144 सीटों पर चुनाव लड़ा है। वहीं उसकी सहयोगी कांग्रेस ने 70, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) ने 19, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने छह और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने चार उम्मीदवार उतारे हैं । इसी तरह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने 115, भारतीयज नता पार्टी (भाजपा) ने 110, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) ने सात और विकासशील इंसान पार्टी ने 11 सीट पर चुनाव लड़ा है।

इनके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने 135, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) ने 99, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने 81, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने 78 सीट पर प्रत्याशी खड़े किए। इस बार 1301 निर्दलीय उम्मीदवारों ने किस्मत आजमाई है। इस तरह वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में तीन चरण में 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और सात नवंबर को हुए मतदान में कुल 3733 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद है और जनता ने क्या फैसला किया है उसका पता आज चल जाएगा।

जिन दिग्गजों की किस्मत का फैसला आज होना है उनमें विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी, पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, उनके बड़े भाई एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव, नीतीश सरकार के पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, श्रम संसाधन मंत्री, विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण कार्य मंत्री शैलेश कुमार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जय कुमार सिंह, खनन मंत्री बृजकिशोर बिंद, परिवहन मंत्री संतोष कुमार निराला, राजस्व मंत्री रामानारायण मंडल, शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, समाज कल्याण मंत्री रामसेवक सिंह, ऊर्जा, मद्य निषेध, उत्पाद और निबंधन मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, विधि मंत्री नरेंद्र नारायण यादव, अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण मंत्री रमेश ऋषिदेव, योजना एवं विकास मंत्री महेश्वर हजारी, नगर विकास एवं आवास मंत्री सुरेश शर्मा प्रमुख हैं।

वहीं, मंत्री खुर्शीद उर्फ फिरोज अहमद, लक्ष्मेश्वर राय, बीमा भारती, मदन सहनी, प्रमोद कुमार, विनोद नारायण झा, कृष्ण कुमार ऋषि, दिवंगत नेता एवं पूर्व मंत्री विनोद सिंह की पत्नी निशा सिंह, स्व. कपिलदेव कामत की बहू मीना कामत, श्री लालू यादव के समधी चंद्रिका राय, कांग्रेस नेता एवं अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के पुत्र लव सिन्हा, राजद के प्रधान महासचिव एवं पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता, पूर्व सांसद लवली आनंद, पूर्व सांसद रामा सिंह की पत्नी बीना सिंह, विपक्ष के कद्दावर नेता अब्दुल बारी सिद्दिकी और रमई राम, जन अधिकार पार्टी सुप्रीमो पप्पू यादव, वीआईपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी जैसे दिग्गजों के भाग्य का निर्णय भी आज हो जाएगा।

epmty
epmty
Top