दिग्विजय का ज्योतिरादित्य को लेकर तीखा ट्वीट

दिग्विजय का ज्योतिरादित्य को लेकर तीखा ट्वीट

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा उपचुनावों में कांग्रेस की करारी शिकस्त के बीच पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आज कहा कि उपचुनाव के नतीजे हमारे पक्ष में नहीं गए और इसका विश्लेषण होना चाहिए।

अट्ठाइस विधानसभा उपचुनावों में भाजपा को 19 और कांग्रेस को 09 सीट पर विजय मिली है और इन स्थितियों के बीच आज शाम छह बजे यहां पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के निवास पर कांग्रेस विधायक दल की बैठक है।

राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने अपने ट्वीट में कहा कि ग्वालियर चंबल अंचल की 16 में से 07 सीट पर कांग्रेस विजयी हुयी, लेकिन भांडेर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी फूल सिंह बरैया मात्र 171 वोट से पीछे रह गए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने लिखा है कि लोग समझते थे कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के जाने के बाद कांग्रेस समाप्त हो जाएगी, पर नयी कांग्रेस खड़ी हो गयी है।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि मालवा निमाड़ बुंदेलखंड क्षेत्र में नतीजे हमारे पक्ष में नहीं गए। कांग्रेस नेता एक होकर लड़े। कहीं भी गुटबाजी की कोई शिकायत नहीं आयी। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों और कांग्रेस को मत देने वाले मतदाताओं के प्रति भी आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ हमे लड़ना पड़ेगा। मार्ग कठिन और संघर्षपूर्ण है, लेेकिन कांग्रेस संघर्ष में ही मजबूती के साथ खड़ी होती है।

दिग्विजय सिंह ने ट्वीट के अंत में विश्वास व्यक्त किया है कि 'नेहरु गांधी' परिवार के नेतृत्व में हम जनता का विश्वास फिर जीतेंगे।

जिन 28 सीटों पर राज्य में विधानसभा उपचुनाव हुए हैं, वर्ष 2018 की स्थिति में इनमें से मात्र आगर सीट को छोड़कर सभी 27 पर कांग्रेस का कब्जा था। इस बार आगर में कांग्रेस ने विजय दर्ज करायी है, लेकिन उसे कुल 18 सीटों का नुकसान हुआ है। इन नतीजों के साथ कांग्रेस की सत्ता में वापसी के दावे की भी हवा निकल गयी है।

epmty
epmty
Top