सपा सरकार में सिर्फ हुआ सैफई कुनबे का विकास- भूपेन्द्र चौधरी

मैनपुरी। मैनपुरी लोकसभा के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का दावा करते हुये पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार में केवल सैफई कुनबे तथा उनके चहेतों का विकास हुआ है जबकि योगी सरकार सबको साथ लेकर सबका विकास कर रही है।
मैनपुरी में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करते हुये उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार दंगाईयों के साथ खड़ी रहती थी। सपा की सरकार में गुंडे, माफिया, अपराधी खुलेआम गुंडई करते थे, जमींन और मकानों पर कब्जे करते थे लेकिन आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार में बडे़-बडे़ अपराधियों व गरीबों को लूटकर अनैतिक संपत्ति अर्जित करने वालों पर कानून का डंडा चल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार तथा प्रदेश की भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार शून्य पर है। उन्होने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि इस बार नया इतिहास लिखा जाएगा और भाजपा मैनपुरी सीट जीतेगी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में संकट मोचन मंदिर, अयोध्या, लखनऊ कचहरी विस्फोट के दंगाइयों के मुकदमों को वापिस लेने का काम किया गया। लेकिन आज भाजपा सरकार में दंगाई घर में दुबक गए हैं।
भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा में कोई भी कार्यकर्ता पार्टी के किसी भी उच्च पद तक पहुंच सकता है। सपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित तमाम बडे़ पद एक परिवार के लिए ही आरक्षित है। सपा सहित तमाम विपक्षी दलों में सिर्फ परिवारवाद का सिद्धान्त लागू है। पिछली सरकारों में बिजली, पानी, सड़क जैसी मूलभूत सुविधायें भी पक्षपात व भ्रष्टाचार के कारण जनसामान्य की पहुंच से दूर थे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बूथ अध्यक्षों के नेतृत्व में ही पार्टी पूरा चुनाव लड़ रही है। पन्ना प्रमुख घर-घर जा कर सम्पर्क करके भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचायें तथा जो मतदाता शहर से बाहर हैं उनसे मतदान के लिए सम्पर्क कर शत-प्रतिशत मतदान के अभियान में जुटें।
वार्ता


