कांग्रेस ने राम मंदिर के मुद्दे को लटकाने और भटकाने का काम किया: शाह

कांग्रेस ने राम मंदिर के मुद्दे को लटकाने और भटकाने का काम किया: शाह

धार/ इंदौर। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राम मंदिर निर्माण के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर हमला करते हुए आज कहा कि कई वर्षो से देश की जनता के ह्दय की इच्छा थी कि अयोध्या में रामलला टेंट से निकलकर भवय मंदिर में विराजमान हो, मगर कांग्रेस राम मंदिर के मुद्दे को लटकाने, अटकाने और भटकाने का काम किया।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने धार जिले के मनावर में जनसभा को संबोधित करने के बाद धार जिले के गंधवानी विधानसभा के अवल्दा, बदनावर के मंडी प्रांगण, धार के किला मैदान और इंदौर के देपालपुर विधानसभा के बेटमा में भी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस बार मध्यप्रदेश को तीन दीपावली मनानी है। एक दीपावली कल मनेगी, दूसरी दीपावली 3 दिसंबर को जब भाजपा सरकार बनेगी तब मनानी है और तीसरी दीपावली 22 जनवरी को मनेगी जब अयोध्या में श्री रामलला भव्य मंदिर में विराजित होंगे, तब हर घर में दीपावली मनेगी।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कई वर्षों से देश की जनता के हृदय की इच्छा थी कि अयोध्या में रामलला टेंट से निकलकर भव्य मंदिर में विराजमान हो, मगर कांग्रेस राम मंदिर के मुद्दे को अटका रही थी, लटका रही थी और भटका रही थी। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस की सारी बाधाओं को दूर किया। श्री मोदी ने राम मंदिर का भूमि पूजन किया और आने वाली 22 जनवरी 2024 को प्राण प्रतिष्ठा भी करने वाले हैं।

उन्होंने कहा कि पहले तीर्थ दर्शन यात्रा योजना मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चालू करी थी, जिसे 15 महीने मुख्यमंत्री रहे श्री कमलनाथ ने बंद कर दी थी। जब फिर से कमल फूल की सरकार बनी तो तीर्थ दर्शन योजना चालू की। इस बार फिर भाजपा सरकार बनेगी और सबको बारी-बारी से अयोध्या का दर्शन कराने का काम हमारी सरकार करेगी।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री PM मोदी देश भर के सारे सांस्कृतिक स्थानों को पुनर्जीवित कर रहे हैं, वही दूसरी ओर कांग्रेस राजा भोज के नाम पर जब मेट्रो चलती है तो उसका विरोध करती है, सागर में संत रविदास का मंदिर बनता है तो विरोध करती है, नर्मदा मैया के जयकारे से भी कांग्रेस को तकलीफ है।

कांग्रेस को परिवारवादी पार्टी बताते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ को कांग्रेस ने नेता बनाया। क्या मनावर वालों श्री कमलनाथ आपके भले के लिए काम करेंगे क्या। उनके मन में है नकुलनाथ को मुख्यमंत्री बनाना और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के मन में है राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना। उन्होंने कहा कि जो अपने बेटे बेटियों के लिए काम करते हैं वह देश का भला कर सकते हैं क्या।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस दलित और आदिवासी विरोधी है। इतने साल से सत्ता पर थे, कभी भी देश के राष्ट्रपति पद पर ट्राइबल बेटा या बेटी नहीं बनाया। श्री मोदी ने उड़ीसा की गरीब घर की ट्राइबल बेटी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाकर देश भर के आदिवासियों का सम्मान किया। 15 नवंबर को आदिवासी गौरव दिन मनाया और इसके साथ-साथ बजट में भी 29000 करोड़ से आदिवासी कल्याण का बजट 129000 करोड़ तक बढ़ाने का काम श्री मोदी ने किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का गरीबों के कल्याण से कोई लेना देना नहीं है। भाजपा ने पिछले 18 सालों में दलितों, युवा और पिछड़ा वर्ग सहित सभी वर्गों के लिए काम किया। जब कांग्रेस सत्ता में थी तो प्रदेश का क्या हाल था और आज कितना अंतर आया है। प्रदेश में पहले 60 हजार किलोमीटर सड़के थी। आज 5 लाख 10 हजार किलोमीटर सड़कें हो गई। पहले केवल 64 हजार पर्यटक प्रदेश घूमने आते थे आज ये आंकड़ा 9 करोड़ तक पहुंच गया है। पहले केवल प्रदेश में 150 आईटीआई थी अब बढ़कर एक हजार हो गई। सारा परिवर्तन भाजपा की 18 सालों की सरकार में हुआ है।

वार्ता

epmty
epmty
Top