कांग्रेस, सपा और बसपा ने देश और प्रदेश को किया बर्बाद: उपमुख्यमंत्री

कांग्रेस, सपा और बसपा ने देश और प्रदेश को किया बर्बाद: उपमुख्यमंत्री

अमरोहा। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी(बसपा) ने देश और उत्तर प्रदेश को बर्बाद करने में कोई कोर कसर नही छोड़ी, 60 साल तक देश में तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार व गुंडागर्दी की राजनीति करने वाले अब छह साल की मोदी सरकार पर सवाल खड़ा कर रहे है।

केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को यहां नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र के बादशाहपुर गांव में स्थित किसान इंटर कालेज के मैदान में आयोजित जनसभा को संंबोधित करते हुए कहा कि 60 सालों तक देश को बर्बाद करने वाले अब छह साल की मोदी सरकार पर सवाल खड़ा कर रहे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा ने देश काे बर्बाद करने का काम किया है। विपक्ष को विकास अच्छा नही लग रहा है। इसकी भ्रष्टाचार की दुकाने बंद हो गयी है।

उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार व गुंडागर्दी की राजनीति करने वालाें को अब जवाब देने का समय आ गया है।

कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान के आकस्मिक निधन के बाद नौगावां सादात विधानसभा के लिए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी दिवंगत नेता की पत्नी श्रीमती संगीता चौहान के समर्थन में बादशाह पुर के खचाखच भरे मैदान में आयोजित चुनाव रैली को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश आगे बढ़ रहा है, विकास कर रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तीन साल के कार्यकाल में प्रदेश विकास की दौड़ में निरंतर आगे बढ रहा है। उन्होंने कहा कि अमरोहा के लोग बडे धन्यभागी हैं, उन्हें पवित्र मां गंगा तिगरी धाम का आर्शीवाद प्राप्त है। भारत के प्रसिद्ध ओपनर क्रिकेटर व पूर्व खेल मंत्री स्व. चेतन चौहान को याद करते हुए कहा कि जो धरती पर आया है उसे एक दिन जाना है।लेकिन अफसोस है कि चेतन जी हम सबको असमय छोड़कर चले गए। उन्होंने उपचुनाव में जीत के लिए अमरोहा की जनता से आर्शीवाद मांगा तथा भारत माता की जय और जय श्री राम के नारे लगवाए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दल राष्ट्रवाद, विकासवाद और किसानवाद के विरोधी है। भाजपा सरकार ने कश्मीर से धारा 370 हटवाई, राम मंदिर की स्थापना करवाई। अब विरोधी सोच रहे हैं कि यदि मोदी रहा तो उनकी राजनीति की दुकान बंद हो जाएगी। कोई नानी के घर चला जाएगा तो कोई दूसरी जगह। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता यही है कि विकास तेज गति से हो, लेकिन विपक्षी दल चाहते हैं कि विकास न हो।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर कांग्रेस और सपा समेत विपक्षी दल, जो इस पर सवाल उठा रहे थे, उन्हें पाकिस्तान के मंत्री का बयान पर गौर करना चाहिए, जो कुबूल कर चुके हैं कि पुलवामा हमला दुश्मन देश ने कराया था। उस समय 56 इंच वाले ने ईंट का जबाव पत्थर से दिया था। अब चीन फड़फड़ा रहा है, लेकिन मोदी के नेतृत्व में चीन सीमा पर भारतीय जवान शान से तिरंगा फहरा रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री दोपहर करीब 12.45 बजे हेलीकाप्टर से अमरोहा पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र के गांव बादशाहपुर स्थित किसान इंटर कालेज के मैदान में उतरा। एक घंटा रुकने के बाद वे फिरोजाबाद के लिए रवाना हो गए।

वार्ता

epmty
epmty
Top