की गई प्रतिज्ञाओं पर अडिग है कांग्रेस- जनता से किए वादे होंगे पूरे-अलवी

की गई प्रतिज्ञाओं पर अडिग है कांग्रेस- जनता से किए वादे होंगे पूरे-अलवी

मुजफ्फरनगर। जनपद सहारनपुर की शिवालिक पहाड़ियों में स्थित शाकुंभरी देवी पीठ शुरू हुई कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा का शहर में पहुंचने पर कांग्रेसजनों की ओर से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। मुजफ्फरनगर की सीमा में प्रवेश करते ही प्रतिज्ञा यात्रा के स्वागत में कांग्रेसजनों ने पलक पावडे बिछा दिए। वाहनों के काफिले के बीच कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा को शहर में लाया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कांग्रेस जनता से किए गए अपने वादों को पूरा करने में जरा भी कोताही नहीं बरतती है। इस बार विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश की जनता से कांग्रेस की ओर से जो भी वादे किए गए हैं वह सभी सरकार आने पर हर हाल में पूरे किए जाएंगे।

सोमवार को शहर में पहुंची कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा का कांग्रेसजनों की ओर से पुष्प वर्षा करते हुए गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। प्रतिज्ञा यात्रा के स्वागत के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सवेरे से ही उसके आने का इंतजार कर रहे थे, जैसे ही शहर में प्रतिज्ञा यात्रा ने प्रवेश किया वैसे ही कांग्रेसजनों में भारी उत्साह फैल गया। शहर के विभिन्न स्थानों से होती हुई कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा नई मंडी के मेहता क्लब में पहुंची। यहां हुई प्रेसवार्ता में मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राशिद अल्वी, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेशीय सह संयोजक धीरज गुर्जर, उत्तर प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री एवं पूर्व सांसद जफर अली नकवी, पूर्व विधायक सोमांश प्रकाश, पूर्व गृह राज्य मंत्री एवं पूर्व एमपी सईदुज्जमां, जिला अध्यक्ष सुबोध शर्मा, पूर्व उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा आदि ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा लोगों की भलाई के काम किए हैं। आजादी के बाद से उत्तर प्रदेश और देश को विकास की बुलंदियों पर पहुंचाया है। लेकिन पिछले काफी समय से विपक्षी दलों की सरकारों ने प्रदेशवासियों की सुविधाओं की तरफ ध्यान नहीं दिया है। जिसके चलते लोगों को कदम-कदम पर परेशानियां झेलनी पड़ रही है।

उन्होंने कहा है प्रदेशवासियों की दशा और दिशा सुधारने के लिए कांग्रेस की ओर से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा निरंतर उत्तर प्रदेश के लोगों के बीच रहकर उनकी परेशानियों को नजदीक से देख रही हैं। जिसके चलते प्रियंका गांधी वाड्रा की पहल पर कांग्रेस की ओर से तैयार किए गए घोषणापत्र में पार्टी की ओर से टिकटों के वितरण में महिलाओं को 40 फीसदी हिस्सेदारी देने, छात्राओं को स्मार्टफोन और स्कूटी देन,े किसानों का पूरा कर्जा माफ करने, प्रदेशवासियों का 25 सौ रुपए प्रति कुंतल धान और 400 रूपये प्रति कुंतल गन्ना खरीदने, बिजली का बिल सभी लोगों का हाफ किए जाने और कोरोना काल का विद्युत बकाया साफ करने, कोरोना की आर्थिक मार झेल रहे लोगों को प्रति परिवार 25000 रूपये देने तथा 20 लाख युवाओं को सरकारी रोजगार देने के साथ-साथ प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए किसी भी बीमारी को लेकर 10 लाख रुपए तक के मुफ्त सरकारी इलाज की प्रतिज्ञा की गई है।

उन्होंने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी की प्रतिज्ञा को बताते हुए कहा है कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कह रही है कि आगामी चुनावों में हम अपने वादों को प्रतिज्ञा का नाम दे रहे हैं। हम उत्तर प्रदेश की जनता को वचन दे रहे हैं कि जो कहेंगे वह सरकार बनने पर करके दिखाएंगे। हमारी प्रतिज्ञा है कि हम उत्तर प्रदेश की जनता को न सिर्फ राहत देने का काम करेंगे, बल्कि इनसे प्रदेश के मजबूत भविष्य का रास्ता निकलेगा। इन प्रतिज्ञाओं को लेकर कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में प्रतिज्ञा यात्राएं निकाल रही है। हम आपके साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदलनी है।

.मैं प्रदेश की समस्त जनता से कांग्रेस को समर्थन सहयोग और आशीर्वाद देने की अपील करती हूं। एक सुनहरा और समृद्ध उत्तर प्रदेश बनाने के इस महाअभियान में आप सबके साथ से हमारा हाथ मजबूत होगा। प्रियंका गांधी वाड्रा ने नारा दिया है कि हम लड़ेंगे और जीतेंगे। शहर के विभिन्न स्थानों का दौरा करने के बाद कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा जनपद बिजनौर के लिए रवाना हो गई। जनपद के कांग्रेसजन प्रतिज्ञा यात्रा को जनपद की सीमा तक छोड़कर आए।



epmty
epmty
Top