महिलाओं की इज्ज़त को लेकर कांग्रेस के दोहरे मानदंड हैं- भाजपा

महिलाओं की इज्ज़त को लेकर कांग्रेस के दोहरे मानदंड हैं- भाजपा

नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जनता दल सेकुलर के सांसद प्रज्ज्वल रेवन्ना के अश्लील वीडियाे एवं यौन शोषण के मामले को लेकर आज कांग्रेस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि महिलाओं की इज्ज़त को लेकर कांग्रेस के दोहरे मानदंड हैं इसीलिए उसने संदेशखाली की घटनाओं की निंदा नहीं की और उसकी कर्नाटक सरकार, इसकी जानकारी होने के बावजूद इतने दिन चुप्पी साधे रही।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने यहां पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में इस घटना के बारे में पूछे जाने पर अपने जवाब में कहा, “महिलाओं के खिलाफ किसी भी अपराध के प्रति हमारी नीति बिल्कुल बर्दाश्त नहीं है... इस घटना पर कई सवाल उठते हैं। जद (एस) ने पहले ही कदम उठाए हैं और उन्हें निलंबित कर दिया है। लेकिन, कई सवाल हैं। अगर कर्नाटक सरकार के पास इतने महीनों तक ये सबूत थे, तो वे कुछ क्यों नहीं कर रहे थे?”

राजीव चंद्रशेखर ने कहा, “कांग्रेस पार्टी दोहरे मानदंड क्यों दिखा रही है। महिलाओं के खिलाफ अपराध की बात आती है? संदेशखली निंदा का मुद्दा क्यों नहीं है?... कांग्रेस पार्टी चुनींदा और राजनीतिक रूप से अपराध और अपराधियों को समर्थन या निंदा करने के लिए क्यों चुनती है?”

उन्होंने कहा कि भाजपा का रुख एकदम स्पष्ट है। कानून पूरी शक्ति के साथ लागू किया जाना चाहिए। जनता दल सेकुलर हमारे गठबंधन के सहयोगी दल हैं लेकिन हम रिमोट कंट्रोल के जरिये सहयोगी दलों के उम्मीदवार तय नहीं करते हैं। जहां तक अश्लील वीडियाे का सवाल है, उसमें महिला का शोषण करते दिखना एक आपराधिक कृत्य है। यह मामला हमारी जानकारी में अभी 48 घंटे के भीतर आया है लेकिन इस मुद्दे की चर्चा काफी समय से गर्म थी तो कांग्रेस की सरकार को देखना चाहिए था।

कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार द्वारा भाजपा के चरित्र को लेकर टिप्पणी किये जाने के बारे में पूछे जाने पर कहा कि श्री शिवकुमार आखिरी शख्स होंगे जिनसे कोई चरित्र प्रमाणपत्र नहीं लेना चाहेगा। उन्हें सोचना चाहिए कि जनता दल एस 2019 में कांग्रेस के गठबंधन का हिस्सा था और स्वयं श्री शिवकुमार आधा दर्जन मामलों में जमानत पर हैं। इसलिए वह किसी को क्या चरित्र प्रमाणपत्र देंगे।

वार्ता

epmty
epmty
Top