CM योगी की बात अपराधियों के लिए सिर्फ मजाकः अखिलेश

CM योगी की बात अपराधियों के लिए सिर्फ मजाकः अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपराध के खिलाफ जीरो टालरेंस की बात तो करते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि कोई भी उन्हें भाव नहीं देता है। उन्होंने कहा कि योगी के राज में अपराधी बेखौफ हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है। शराब माफिया लोगों की जान खुलेआम ले रहे हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में शराब माफिया जहर मिलाकर लोगों की जान लेने पर आमादा हैं। प्रदेश में नियम-कायदों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। भाजपा राज में कानपुर काण्ड के बाद अब कासगंज में सत्ता संरक्षित शराब माफिया द्वारा पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इस हमले में एक सिपाही की हत्या कर दी गई, जबकि दारोगा जिंदगी-मौत से जंग लड़ रहा है। माफिया और सत्ताधीशों के सिंडीकेट ने अपने फर्ज को अंजाम देने निकले पुलिसकर्मियों के लहू से धरती को रक्त रंजित कर दिया।

अम्बेडकरनगर के बसखारी थाना क्षेत्र में ताड़ी पीने से एक ग्रामीण मर गया और दूसरा अस्पताल में जिन्दगी-मौत से जूझ रहा है। आगरा में छापामार कार्यवाही होने के साथ-साथ मथुरा में भी नकली दवाएं पकड़ी गई। फैक्ट्री में नकली दवा बनाने वाली मशीने भी पकड़ी गई। गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र में कच्ची शराब, शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए। यह स्थिति लगभग पूरे प्रदेश में है। अपराधी अपना समानांतर राज चला रहे हैं।

राजधानी लखनऊ में महिला उत्पीड़न की घटनाएं थम नहीं रही है। बाबा साहब डाॅ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय लखनऊ में एक छात्रा से सरेराह छेड़छाड़ हुई, विरोध पर भाई को पीटा गया। सूचना के घंटों बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। अपराध के आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों से सम्बन्धित अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। सच तो यह है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की ठोको नीति चल रही है। ठोको नीति के चलते पुलिस बेकसूर जनता को ठोक रही है। कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है।

epmty
epmty
Top