इस विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ सकते हैं CM धामी

इस विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ सकते हैं CM धामी

नैनीताल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चंपावत विधानसभा सीट से उप चुनाव लड़ सकते हैं। पार्टी की ओर से इसकी अंतिम घोषणा तो नहीं की गयी है लेकिन चंपावत के भाजपा विधायक कैलाश गहतोड़ी व पार्टी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के चुनाव लड़ने को लेकर बेहद उत्साहित हैं और उन्होंने 'वेलकम सीएम' अभियान शुरू कर दिया है।

चंपावत से नव निर्वाचित भाजपा विधायक कैलाश गहतोड़ी पहले ऐसे विधायक हैं जिन्होंने श्री धामी के लिये सबसे पहले अपनी विधायकी छोड़ने की बात कही थी। मजेदार बात यह है कि तब श्री धामी मुख्यमंत्री भी नहीं बने थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दूसरी बार मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालते ही सबसे पहले चंपावत का दो दिनी दौरा किया था। चंपावत के पूर्णागिरी मंदिर में मां के दर्शन के साथ ही टनकपुर-बनबसा क्षेत्र का दौरा किया था और कई घोषणायें की थीं।

रविवार को भाजपा विधायक कैलाश गहतोड़ी ने अपने चंपावत आवास पर पुनः इसके संकेत दिये। उन्होंने अपने आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक आहूत की और साफ साफ मुख्यमंत्री के चंपावत से उप चुनाव लड़ने के संकेत दिये। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को विश्वास में लेकर चंपावत के विकास के लिये पद से इस्तीफा देने और मुख्यमंत्री के लिये सीट छोड़ने की बात कही।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने भी हाथ उठाकर विधायक गहतोड़ी के निर्णय का स्वागत किया और मुख्यमंत्री के पक्ष में जोरदार नारेबाजी की। यही नहीं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने का संकल्प भी दोहराया। इसके बाद चंपावत के बनबसा-टनकपुर क्षेत्र में सोशल मीडिया पर 'वेलकम सीएम' अभियान शुरू हो गया।

बताया जा रहा है कि कार्यकर्ताओं में विश्वास में लेने के साथ ही विधायक गहतोड़ी आज कल में देहरादून व दिल्ली का दौरा कर आलाकमान को अवगत करायेंगे और इसके बाद पार्टी इस पर अंतिम मुहर लगायेगी।

गौरतलब है कि इसी वर्ष फरवरी में हुए विधानसभा के चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चुनाव हार गये थे। कांग्रेस के भुवन चंद्र कापड़ी ने उन्हें खटीमा विधानसभा से भारी मतों से शिकस्त दी। भाजपा ने 47 सीट जीत कर एक बार फिर सरकार बनायी और पार्टी ने धामी को पुनः प्रदेश की बागडोर सौंपी।

धामी को मुख्यमंत्री की गद्दी सौंपने से पहले ही पार्टी के आधा दर्जन विधायक उनके पक्ष में आग गये थे और विधायकी छोड़ने का दावा किया था। श्री धामी के लिये सबसे पहले विधायक कैलाश गहतोड़ी ने विधायकी से इस्तीफा देने के बात कही थी। तभी से कयास लगाया जा रहा था कि मुख्यमंत्री चंपावत से उपचुनाव लड़ सकते हैं।

वार्ता

epmty
epmty
Top