भाजपा नेताओं की थाने में गुंडई- छह नामजद 35 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा

भाजपा नेताओं की थाने में गुंडई- छह नामजद 35 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा

मुरादाबाद। सत्ता की हनक में थाने के भीतर घुसते हुए थाना प्रभारी की टेबल पर रखी फाईलों को फेंकते हुए गुंडई दिखाने वाले भाजपा नेताओं के खिलाफ पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज करते हुए कार्यवाही शुरू कर दी गई है। इस मामले में छह भाजपा नेताओं की नामजदगी के अलावा 35 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

भाजपा के लाइनपार मंडल अध्यक्ष संजीव चौहान की अगुवाई में बृहस्पतिवार को भाजपा कार्यकर्ता एक मामले के सिलसिले में मझोला थाने में पहुंचे थे। इसकी जानकारी मिलते ही भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष अभिषेक चौबे और पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष अनुपेंद्र सिंह व दिनेश सिसोदिया समेत अन्य पदाधिकारी भी थाने में पहुंच गए। भाजपा नेताओं ने थाने में घुसकर हंगामा करना शुरू कर दिया। इसी दौरान थाना प्रभारी जीत सिंह के कक्ष में पहुंचकर हंगामा काट रहे भाजपा नेताओं की पुलिस कर्मियों की ओर से वीडियो बनानी शुरू कर दी गई। वीडियों बनाने से खफा हुए युवा मोर्चा अध्यक्ष ने भड़कते हुए थाना प्रभारी के सामने मेज के ऊपर फाइल फेंक दी और बोले कि क्या हमें अपराधी समझ रहे हो जो वीडियो बनवाई जा रही है? इसके बाद एक अन्य युवा नेता ने थाना प्रभारी को सीधे-सीधे धमकी दी कि अगर पाबंद लोगों के नाम वापस नहीं लिए गए तो हम थाने में दिखाएंगे कि शांति भंग क्या होती है। इसके बाद पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर मामले को शांत करा दिया था। जिसके चलते सभी भाजपा नेता थाने में सत्ता की हनक दिखाते हुए वापस लौट गए थे। मामले का पता चलने पर मुरादाबाद के पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने भाजपा नेताओं की इस कारगुजारी को गंभीरता से लेते थाने के भीतर घुसकर गुंडई दिखाने वाले भाजपा नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने के आदेश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से दिए गए आदेशों के बाद एसएचओ से बदसलूकी करने वाले 41 भाजपा नेताओं के खिलाफ मझोला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की ओर से इस मामले में छह भाजपा नेताओं की नामजदगी करते हुए 35 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।



epmty
epmty
Top