भाजपा छोड़ साथियों समेत साइकिल पर सवार हुए बूथ अध्यक्ष

भाजपा छोड़ साथियों समेत साइकिल पर सवार हुए बूथ अध्यक्ष

मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर आयोजित किए गए कार्यक्रम में भाजपा के बूथ अध्यक्ष अपने साथियों के साथ कमल छोड़कर साइकिल पर सवार हो गए। पार्टी के आला नेताओं ने भाजपा के बूथ अध्यक्ष का समाजवादी पार्टी में स्वागत करते हुए उन्हें व उनके साथियों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई।

सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर आयोजित किए गए कार्यक्रम में मोरना ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम कासमपुर के भाजपा बूथ अध्यक्ष विजेंद्र सिंह बंजारा अपनी कमेटी के अनेक साथियों के साथ जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी एडवोकेट एवं पूर्व मंत्री उमाकिरण, जिया चौधरी, रामनिवास पाल और डॉक्टर इसरार अल्वी के समक्ष भाजपा को छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी एडवोकेट ने भाजपा छोड़कर सपा में आए विजेंद्र सिंह बंजारा व उनके कई साथी कार्यकर्ताओं राजकुमार, रवि कुमार, कंवरपाल बंजारा, डॉ कर्मपाल, राहुल बंजारा को समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए कहा कि योगी सरकार में यूपी के हालात खराब है। गुंडागर्दी व बढ़ते अपराध ने दहशत का माहौल पैदा कर रखा है। किसानों पर केंद्र व यूपी सरकार के इशारे पर हमले करके उनकी हत्या की जा रही है। व्यापारियों के साथ योगी की पुलिस लूटपाट करके हत्या कर रही है। यूपी को अब केवल समाजवादी पार्टी सरकार की जरूरत है, इसी से प्रभावित होकर अन्य पार्टियों के नेता कार्यकर्ता सपा में शामिल हो रहे हैं। भाजपा के बूथ अध्यक्ष पद को छोड़कर सपा में आये विजेंद्र सिंह बंजारा ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों की दुर्दशा, महंगाई, बेरोजगारी से आहत जनता को जवाब देना मुश्किल हो रहा था, इसलिए सबको सम्मान देने वाली समाजवादी पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इस प्रदेश का भला अब सिर्फ अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने से ही होगा।

इस दौरान मुख्यरूप से पूर्व मंत्री उमा किरण, जिला महासचिव जिया चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन, सपा नेता अरशद आबिद, समाजवादी लोहिया वाहिनी राष्ट्रीय सचिव शौकत अंसारी, समाजवादी लोहिया वाहिनी प्रदेश सचिव डॉ इसरार अली, सपा नेता रामनिवास पाल, हरेंद्र पाल, सलमान त्यागी, रणवीर गुर्जर, नवेद रंगरेज, फैसल राणा, हुसैन सादपुर सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।



epmty
epmty
Top