भाकियू ने तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा निकालकर मांगा फसलों का वाजिब दाम और..

मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने 75 वें गणतंत्र दिवस के मौके पर तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा निकालकर गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी, आवारा पशुओं से छुटकारा एवं अन्य फसलों का वाजिब दाम दिए जाने की मांग उठाई।
शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत द्वारा राष्ट्रीय किसान मोर्चा के आह्वान पर जिला मुख्यालय समेत जनपद के सभी 9 ब्लॉक मुख्यालय पर तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा निकाली गई।
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष योगेश शर्मा ने कहा कि जनपद मुजफ्फरनगर समेत समूचे उत्तर प्रदेश का किसान अपनी समस्याओं को लेकर परेशान है। प्रदेश के किसानों को उनकी फसलों का वाजिब दाम नहीं मिल रहा है। गन्ना मूल्य में जो बढ़ोतरी की गई है वह ऊंट के मुंह में जीरा है।
उन्होंने कहा कि किसानों को राहत देने के लिए एनजीटी के नियमों में परिवर्तन करते हुए आवारा पशुओं से किसानों को निजात दिलाई जानी चाहिए।
सरकार गन्ने का मूल्य 450 रुपए प्रति कुंतल घोषित कर किसानों को आर्थिक घाटे से मुक्ति दिलाएं। विश्वकर्मा चौक से शुरू हुई किसानों की यह तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा रेलवे स्टेशन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आवास, प्रकाश चौक, महावीर चौक और टिकैत चौक होते हुए वापस कूकड़ा ब्लॉक पर पहुंचकर समाप्त हुई।