नरेन्द्र सिंह तोमर ने विधिवत रूप से सम्भाला भारत के कृषि मंत्री का पद भार

नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के भाजपा अध्यक्ष सहित मध्यप्रदेश सरकार में विभिन्न पदों पर अपनी योग्यता का लोहा मनवाने वाले नरेन्द्र सिंह तोमर को इसका ईनाम देते हुए केन्द्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण, ग्रामीण विकास, पंचायतीराज मंत्रालय का दायित्व सौंपा गया है। उन्होंने अपने विभाग का विधिवत कार्यभार सम्भाल लिया है।
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में पोरसा विकास खंड क्षेत्र के ग्राम ओरेठी के किसान मुंशी सिंह तोमर के पुत्र नरेंद्र सिंह तोमर का जन्म 12 जून 1957 को राजपूत परिवार में हुआ था। उन्होंने स्नातक की शिक्षा ग्रहण की है। नरेन्द्र सिंह तोमर पढ़ाई के दौरान महाविद्यालय में छात्र संघ के अध्यक्ष भी रहे। शिक्षा पूरी करने के बाद वे ग्वालियर नगर निगम के पार्षद पद पर निर्वाचित हुए। इसके बाद वे पूरी तरह से राजनीति में सक्रिय हो गये और 1977 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष बने।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में शामिल किए गए मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर संगठनात्मक क्षमता के साथ ही प्रशासन पर मजबूत पकड़ और कुशल रणनीतिकार के रूप में जाने जाते हैं। बात करने की बजाए काम को तवज्जो देने वाले तोमर पहली बार प्रदेश के मुरैना संसदीय क्षेत्र से वर्ष 2009 में लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे। वे इसके पहले प्रदेश से राज्यसभा सदस्य थे। तोमर इस बार ग्वालियर लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद निर्वाचित हुए हैं।
नरेन्द्र सिंह तोमर युवा मोर्चा में विभिन्न पदों पर रहते हुए 1996 में युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गये थे। तोमर पहली बार 1998 में ग्वालियर से विधायक निर्वाचित हुए और इसी क्षेत्र से वर्ष 2003 में दूसरी बार चुनाव जीता। इस दौरान नरेन्द्र सिंह तोमर उमा भारती, बाबूलाल गौर और शिवराज सिंह चौहान मंत्रिमंडल में कई महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री भी रहे। नरेन्द्र सिंह तोमर को 2008 में तत्कालीन लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी ने उत्कृष्ट मंत्री के रूप में सम्मानित किया था। नरेन्द्र सिंह तोमर 15 जनवरी 2009 में निर्विरोध राज्यसभा सदस्य चुने गए। बाद में वे पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री पद पर भी रहे।