बीजेपी अध्यक्ष ने मौर्य पर कसा तंज, बता दिया विक्षिप्त

बीजेपी अध्यक्ष ने मौर्य पर कसा तंज, बता दिया विक्षिप्त
  • whatsapp
  • Telegram
  • koo

बरेली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने समाजवादी पार्टी (सपा) नेता स्वामी प्रसाद मौर्य पर हमला बोलते हुए कहा है कि रामचरितमानस पर ऐसा बयान कोई विक्षिप्त व्यक्ति ही दे सकता है। मौर्य विक्षिप्त हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष यहां विधान परिषद बरेली मुरादाबाद स्नातक सीट से पार्टी प्रत्याशी डा. जयपाल सिंह व्यस्त के चुनाव प्रबंधन समीक्षा बैठक में शामिल होने आए थे।भू

पेंद्र चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "ये वही समाजवादी पार्टी है, जिसने अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं और आतंकवादियों के केस वापस लिए थे। अब उनकी पार्टी के नेता पवित्र धर्म ग्रंथ रामचरितमानस पर अशोभनीय टिप्पणी करने लगे हैं यह सब सपा का चेहरा है।"

बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत से आए भाजपा जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारी बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने एमएलसी चुनाव में पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए कार्यकर्ताओं से स्नातक वोटरों तक पर्ची पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वोटर तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और श्री योगी आदित्यनाथ की सरकार द्वारा किए जा रहे जनहितकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाना कार्यकर्ता का दायित्व है।

गौरतलब है कि सपा नेता मौर्य ने कहा कि रामचरितमानस में दलितों और महिलाओं का अपमान किया गया है। तुलसीदास ने ग्रंथ को अपनी खुशी के लिए लिखा था। करोड़ों लोग इसे नहीं पढ़ते। इस ग्रंथ को बकवास बताते हुए कहा कि सरकार को इस पर प्रतिबंध लगा देना चाहिए।

सपा नेता ने रामचरितमानस के एक अंश को उद्धृत करते हुए कहा, ब्राह्मण भले ही दुराचारी, अनपढ़ हो, लेकिन वह ब्राह्मण है। उसको पूजनीय कहा गया है। लेकिन शूद्र कितना भी ज्ञानी हो, उसका सम्मान मत कीजिए। श्री मौर्य ने सवाल उठाया, क्या यही धर्म है? जो धर्म हमारा सत्यानाश चाहता है, उसका सत्यानाश हो।

मौर्य ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री पर हमला बोलते हुए कहा, धर्म के ठेकेदार ही धर्म को बेच रहे हैं। धीरेंद्र शास्त्री ढोंग फैला रहे हैं।

बैठक में लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद, सांसद संतोष गंगवार, धर्मेंद्र कश्यप, बृज प्रांत भाजपा अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, एमएलसी डा. हरि सिंह ढिल्लो, जिलाध्यक्ष बरेली पवन शर्मा, नगराध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा, एमएलसी प्रत्याशी डा. जयपाल सिंह व्यस्त आदि मौजूद रहे।

वार्ता

  • whatsapp
  • Telegram
  • koo
epmty
epmty
Top