तिरंगा यात्रा में BJP MLA ने लगाए जमकर ठुमके, कार्यकर्ता बोले वाह जी वाह

फर्रूखाबाद। भारतीय जनता पार्टी की ओर से गांधी व शास्त्री जयंती के अवसर पर निकाली गई तिरंगा यात्रा में डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों पर थिरक रहे युवाओं के बीच भाजपा विधायक भी अपने जोशिले कदमों को नहीं रोक सके और उन्होंने युवाओं के बीच जमकर ठुमके लगाए। एमएलए को अपने बीच नृत्य करते हुए कार्यकर्ता भी और अधिक जोश में आ गये।
शनिवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष राम लखन राजपूत की अगुवाई में नगर पंचायत कार्यालय पर इकट्ठा हुए भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से नगर में गांधी, शास्त्री जयंती पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। पूर्व चेयरमैन विजय गुप्ता ने झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। थाना चौराहे से आरंभ हुई तिरंगा यात्रा मुख्य बाजार से होते हुए ब्लाक कार्यालय पर पहुंची, जहां ब्लाक प्रमुख सुषमा वर्मा ने तिरंगा यात्रा का समापन किया। तिरंगा यात्रा के आगे चल रहे डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों पर भाजपा कार्यकर्ता थिरक रहे थे। इस दौरान तिरंगा यात्रा में शामिल विधायक अमरमणि भी अपने भीतर उत्पन्न हुए जोश को रोक नहीं पाए और वह भी युवाओं के बीच घुसते हुए थिरकने लगे। भाजपा एमएलए को अपने बीच में थिरकते हंुए देखकर युवाओं का भी उत्साह भी दोगुना हो गया। यात्रा के समापन पर विधायक ने गांधी जी के जीवन परिचय पर प्रकाश डाला। ब्लाक प्रमुख ने भी महापुरुषों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।



