BJP नेता ने दिया पार्टी को झटका

BJP नेता ने दिया पार्टी को झटका

कोलकाता। पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने भाजपा को टा-टा बाय-बाय करते हुए ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस का झंडा थाम लिया। पिछले काफी समय से हाशिए पर चल रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री को भाजपा द्वारा ठंडे बस्ते में डाल दिए जाने के बाद उनकी टीएमसी में एंट्री ने भाजपा और ममता के बीच चल रहे शह और मात के खेल को हवा दे दी है।

शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने कोलकाता स्थित टीएमसी के दफ्तर पर पहुंचकर पार्टी का झंडा थाम लिया। उन्होंने टीएमसी कार्यालय पर आयोजित की गई प्रेसवार्ता में विधिवत पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। पश्चिम बंगाल में होने जा रहे विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पूर्व मंत्री यशवंत सिन्हा ने टीएमसी में शामिल होने का फैसला लिया है। पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेई सरकार में वित्त मंत्री रहे यशवंत सिन्हा वर्ष 2014 के बाद से ही मोदी सरकार के आलोचकों में से एक रहे हैं।

टीएमसी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने कहा कि देश आज अभूतपूर्व स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। लोकतंत्र की मजबूती लोकतंत्र के संस्थानों की सुदृढता से होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि न्यायपालिका समेत लोकतंत्र के सभी संस्थान इस समय कमजोर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी के समय में भाजपा आम सहमति पर भरोसा करती थी। लेकिन मौजूदा समय की सरकार कुचलने और जीतने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि पार्टी की इसी नीति के चलते आज अकाली और बीजू जनता दल ने भाजपा का साथ छोड़ दिया है। उन्होंने सवाल किया कि आज भाजपा के साथ कौन है? पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा के टीएमसी में शामिल होने के बाद संभावनाएं जताई जा रही है कि अब वह पश्चिम बंगाल में टीएमसी पार्टी के लिए प्रचार प्रचार करेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा कई बार मोदी सरकार की आर्थिक मामलों को लेकर आलोचना करते हुए चर्चाओं में रह चुके हैं।



epmty
epmty
Top