योगी को टिकट तक नहीं दे रही भाजपा- अखिलेश

योगी को टिकट तक नहीं दे रही भाजपा- अखिलेश
  • whatsapp
  • Telegram
  • koo

गोण्डा। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुये कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बड़े नेता खुद मुख्यमंत्री से परेशान हैं, इसीलिये उन्हें विधानसभा का टिकट तक नहीं मिल रहा है।

शुक्रवार को यहां एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने आये अखिलेश ने संवाददाताओं से एक सवाल के जवाब में दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी भाजपा के सदस्य ही नहीं है। पंजाब में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा में चूक के मामले में प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये अखिलेश ने कहा कि पंजाब सरकार को मोदी को सभा स्थल तक जाने देना चाहिये था। जिससे उन्हें वहां खाली कुर्सियों को देखकर पंजाब में बीजेपी की सही स्थिति का पता चलता।

अखिलेश यादव ने भाजपा पर झूठे विज्ञापनों से जनता को बरगलाने का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार की योजनाओं को अपनी योजनायें बता कर भाजपा जनता को गुमराह कर रही है। उन्होने कहा कि सड़को पर छुट्टा जानवर से किसान और राहगीर परेशान है। उन्होने कहा कि योगी सरकार में परेशान हुये किसानों, युवकों, गरीब और वंचित परिवारों से भाजपा को 'जन माफी यात्रा' निकाल कर क्षमा मांगनी चाहिये।

उत्तर प्रदेश से गुंडाराज खत्म करने के भाजपा के दावे पर अखिलेश ने कहा कि योगी सरकार जिलों के माफियाओं की सूची जारी क्यों नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि हिटलर के शासन में 'प्रोपेगेंडा मंत्री' होता था लेकिन यहां तो पूरी भाजपा ही 'प्रोपेगंडा' फैला रही है।

सपा अध्यक्ष ने स्वीकार किया कि अपनी सरकार के विकास कार्यो को जनता तक पहुंचा पाने में असफल रहने के कारण सपा 2017 में सरकार बनाने में नाकाम रही। उन्होने कहा कि भाजपा सरकार से त्रस्त जनता इस बार 2022 में बहुमत से सरकार बनायेगी।



  • whatsapp
  • Telegram
  • koo
epmty
epmty
Top