BJP बन गयी है झगड़ा पार्टी- बोलने लगा है 'आप' का काम - सिसौदिया

BJP बन गयी है झगड़ा पार्टी- बोलने लगा है आप का काम - सिसौदिया

नई दिल्ली । दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसौदिया ने आज सत्तारूढ़ भाजपा को 'भारतीय झगड़ा पार्टी' क़रार देते हुए दावा किया कि गुजरात में अब आप का काम बोलने लगा है।

मनीष सिसौदिया ने यहां पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए भाजपा पर कोरोना के कुप्रबंधन का आरोप भी लगाया।

उन्होंने कहा कि भाजपा विकास की बात करती है पर उसकी रूचि इसमें नहीं है। दिल्ली में आप सरकार के विकास की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा बताए कि स्कूल, अस्पताल और रोज़गार क्या विकास के पैमाने नहीं हैं। पांच साल में अगर आप दिल्ली में इतना कुछ कर सकती है तो गुजरात में भाजपा क्यों कुछ नहीं कर रही।

उन्होंने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के उचित प्रबंधन के समय भाजपा सरकार बंगाल चुनाव में लगी थी और इसमें हारने के बाद यह अब सबसे झगड़ा करने में लगी है। यह भारतीय जनता पार्टी से भारतीय झगड़ा पार्टी बन गयी है।

दिल्ली के अस्पतालों में ऑक्सिजन की आपूर्ति के बारे में हुए विवाद से जुड़े एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि इस मामले में भाजपा अपने कार्यालय में बनाए गए रिपोर्ट के आधार पर बेवजह मुद्दा बना रही है। आप की चुनौती के 72 घंटे बीतने के बावजूद भाजपा इस मामले में सुप्रीम कोर्ट गठित ऑडिट समिति की कथित रिपोर्ट को सामने नहीं ला पायी है।

ज्ञातव्य है कि अगले साल गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव में आप ने सभी 182 सीटों पर प्रत्याशी खड़े करने की घोषणा कर रखी है। इस साल की शुरुआत में हुए स्थानीय चुनावों में भाजपा का गढ़ माने जाने वाले सूरत महानगर में आप ने अप्रत्याशित प्रदर्शन करते हुए दो दर्जन से अधिक मनपा सीटों पर क़ब्ज़ा जमाया था। इससे उत्साहित होकर पार्टी अध्यक्ष और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यहां रोड शो किया था और हाल में के बार फिर गुजरात दौरा किया था।

मनीष सिसौदिया आज सुबह यह हवाई अड्डे पर पहुंचे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया समेत अन्य पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें वहां से काफ़ी दूर ही रोक दिया और उचित तरीक़े से अपने नेता के स्वागत तक नहीं करने दिया। श्री इटालिया ने इसे राज्य की भाजपा सरकार की तानाशाही क़रार दिया। बाद में श्री सिसौदिया सर्किट हाउस पहुंचे और मनपा में विरोध पक्ष आप के नेता भंडेरी समेत अन्य के साथ चर्चा की।

मनीष सिसौदिया के समक्ष सूरत के जाने माने हीरा व्यापारी महेश सवाणी आप पार्टी में शामिल हो गए। पिछले कुछ ही समय में भाजपा छोड़ कर 1000 से अधिक कार्यकर्ता आप से जुड़े हैं जिससे पार्टी बहुत उत्साहित है। सिसौदिया के दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की ही एक शुरुआती कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुजरात चुनाव में पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा तय करने के बारे में कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा के बाद निर्णय लिया जाएगा।

वार्ता

epmty
epmty
Top