अच्छे दिन का वादा कर सत्ता में आई भाजपा लाई महंगे दिन-प्रियंका

अच्छे दिन का वादा कर सत्ता में आई भाजपा लाई महंगे दिन-प्रियंका

नई दिल्ली। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने लोगों से अच्छे दिन लाने का वादा करते हुए कहा था कि हवाई चप्पल वाले उसकी सत्ता आने पर हवाई जहाज से सफर करेंगे। लेकिन अब डीजल पेट्रोल के दाम उसने इतने बढ़ा दिए हैं कि अब हवाई चप्पल वालों के साथ मध्यम वर्ग के लोगों को सड़क पर सफर करना भी मुश्किल हो गया है।

सोमवार को देश में दिनों दिन बढ़ रहे डीजल पेट्रोल के दामों पर गहरी चिंता जताते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने ट्विटर हैंडल पर ट्वीट करते हुए कहा है कि चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी की ओर से देश के लोगों को सब्जबाग दिखाते हुए अच्छे दिन लाने का वादा किया था। जगह-जगह हुई जनसभा में भाजपा की ओर से वायदा किया गया था कि उसकी सत्ता आने पर सरकार की नीतियों के चलते देश में हवाई चप्पल वाले लोग भी हवाई जहाज के भीतर बैठकर सफर कर सकेंगे। लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने लोगों के अच्छे दिन लाने के बजाय उन्हें अपनी कारगुजारी से सड़क पर लाकर खड़ा कर दिया है। देश में सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से आए दिन डीजल पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी की जा रही है।

जिसके चलते देश के सभी राज्यों और शहरों में पेट्रोल के दाम आज सौ रुपए प्रति लीटर से भी ऊपर जा पहुंचे हैं। यही हाल डीजल के दामों का भी है। जिसके चलते लोगों को अपनी रोजमर्रा की आजीविका चलाने में भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। भाजपा सरकार की कारगुजारी के चलते अब हवाई चप्पल वालों के साथ मध्यम वर्ग के लोगों का सड़क पर सफर करना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कटाक्ष किया है कि अच्छे दिन लाने का वादा कर सत्ता में आई भाजपा लाई महंगे दिन।

epmty
epmty
Top