भारत बंद-रालोद ने नावला कोठी पर डाला डेरा-भरी हुंकार-रागनियां भी शुरू

भारत बंद-रालोद ने नावला कोठी पर डाला डेरा-भरी हुंकार-रागनियां भी शुरू

मुजफ्फरनगर। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारत बंद को सफल बनाने के लिए पार्टी मुखिया जयंत चौधरी के निर्देश पर सडकों पर निकले रालोद कार्यकर्ताओं ने हाईवे की नावला कोठी पर अपना डेरा डाल दिया है। किसानों की थकान उतारने के लिए रागिनी भी शुरू हो गई है। बुजुर्गों किसानों के गुडगुडाने के लिए हुक्के का भी बंदोबस्त किया गया है।


सोमवार को राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देश पर संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद को सफल बनाने के लिए राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ता प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक चौधरी गुर्जर की अगुवाई में सड़कों के ऊपर उतर गए हैं। ट्रैक्टर ट्रालियो के भारी लाव लश्कर के साथ अभिषेक चौधरी गुर्जर की अगुवाई में पहुंचे रालोद कार्यकर्ताओं ने दिल्ली-देहरादून राजमार्ग 58 पर खतौली थाना क्षेत्र के नावला कोठी पर अपना डेरा डाल दिया है। फ्लाईओवर के नीचे दरी बिछाकर किसान धरना देते हुए बैठ गए हैं। भाकियू के मंडल अध्यक्ष राजू अहलावत की ओर से नावला कोठी फ्लाईओवर पर रागिनी का इंतजाम कर दिया गया है। बड़े बुजुर्ग किसानों के लिए हाईवे पर हुक्का गुडगुडाने के लिए चिलम में आग और तंबाकू का बंदोबस्त भी किया गया है। इस मौके पर अभिषेक चौधरी गुर्जर ने कहा है कि उनकी पार्टी किसानों के साथ हर समय खड़ी हुई है। रालोद किसानों मजदूरों व गरीबों की पार्टी है। वह किसानों के संघर्ष में हर जगह खड़ी दिखाई देगी। इस दौरान अभिषेक चौधरी गुर्जर, धर्मेंद्र तोमर, भूपेंद्र राठी, पंकज राठी, पुष्पेंद्र चौधरी, रवि राठौर, इकबाल राणा, इंशाल्लाह राठौर, औरंगजेब राठौर, श्याम पाल चेयरमैन और पप्पू मुखिया सोंटा आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे। उधर भाकियू के मंडल अध्यक्ष राजू अहलावत की अगुवाई में सवेरे से भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता हाईवे पर अपना डेरा डाले हुए पड़े हैं। जिसके चलते हाईवे पर वाहनों के पहिए पूरी तरह से थम गए हैं। जाम लगा रहे किसान दरियादिली दिखाते हुए एंबुलेंस और अन्य इमरजेंसी वाहनों के साथ-साथ दोपहिया वाहनों के ऊपर सवार होकर जा रहे लोगों को उनकी परेशानियों को देखते हुए निकलवाने की व्यवस्था कर रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की ओर से दिए गए निर्देशों के तहत हाईवे पर जाम में फंसे लोगों की सुविधा के लिए उन्हे दूध, पानी और चाय की सुविधा मुहैया कराने के इंतजाम किए जा रहे हैं।

epmty
epmty
Top