नीतीश के इशारे पर राजद में जगदानंद को किनारे लगाने की मुहिम : सुशील

नीतीश के इशारे पर राजद में जगदानंद को किनारे लगाने की मुहिम : सुशील

पटना, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने आज दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह को अपमानित कर पार्टी से बाहर कराने में लग गए हैं। मोदी ने शनिवार को यहां बयान जारी कर कहा कि जगदानंद सिंह और उनके पुत्र पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने धान की सरकारी खरीद में गड़बड़ी को जो मामला उठाया था, उसका निदान करने के बजाय सुधाकर सिंह को मंंत्री पद से हटाया गया और अब उनके पिता जगदानंद सिंह को किनारे लगाने की कोशिश हो रही है । उन्होंने कहा कि जगदानंद सिंह से हमारे मतभेद हो सकते हैं, लेकिन ईमानदारी और अपनी पार्टी के लिए उनकी निष्ठा सराहनीय है।

भाजपा नेता ने कहा कि जब सुधाकर सिंह भाजपा के टिकट पर प्रत्याशी थे, तब जगदानंद सिंह ने पुत्रमोह को पार्टी निष्ठा पर हावी नहीं होने दिया था और पुत्र की हार सुनिश्चित की थी। उन्होंने कहा कि चारा घोटाला में लालू प्रसाद यादव के जेल जाने और राबड़ी देवी के अचानक गृहिणी से सीएम बनने पर जगदानंद सिंह ने ही पर्दे के पीछे से सरकार चलाया थी। मोदी ने कहा कि जगदानंद सिंह के सारे एहसान भुला कर अब नीतीश कुमार के इशारे पर तेजस्वी प्रसाद यादव अपने प्रदेश अध्यक्ष को जलील कर रहे हैं। वे डेढ़ माह से पार्टी आफिस नहीं गए और अब संगठन संबंधी सारे कागजात उनसे ले लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले राजद ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. रघुवंश प्रसाद सिंह को "एक लोटा पानी " बता कर अपमानित किया था और उन्हें अस्पताल के बिस्तर से अपना इस्तीफा लालू प्रसाद को भेजना पड़ा था। अब जगदानंद सिंह के साथ बदसुलूकी की जा रही है। भाजपा सांसद ने कहा कि राजद में एम-वाइ ( मुसलिम-यादव) के अलावा सबको सिर्फ एक लोटा पानी ही समझा जाता है। वहां "ए टू जेड" की बात केवल दिखावा है।

epmty
epmty
Top