भगवा चोला उतारकर एक और MLA ने दिया BJP से इस्तीफा

भगवा चोला उतारकर एक और MLA ने दिया BJP से इस्तीफा

लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी में भगवा चोला उतारकर इस्तीफा देने का शुरू हुआ सिलसिला अब लगातार लंबा होता जा रहा है। जानकारी मिल रही है कि भदोही से भाजपा के विधायक भगवे चोले को उतारकर भाजपा से बाहर हो गए हैं।


बुधवार को भी भारतीय जनता पार्टी छोड़कर बाहर जाने वाले लोगों का शुरू हुआ सिलसिला अभी तक जारी है। बुधवार को उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में वन, पर्यावरण एवं जंतु उद्यान मंत्री रहे दारा सिंह चौहान के पद से त्यागपत्र और भाजपा से इस्तीफा देने की घटना के बाद अब भदोही से भारतीय जनता पार्टी के विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी की ओर से भी भाजपा से इस्तीफा देने की खबर सामने आ रही है। भारतीय जनता पार्टी के विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी ने भी अन्य विधायकों एवं मंत्रियों की तरह भाजपा के ऊपर विभिन्न वर्गों की उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी से त्यागपत्र दिया है। उधर उत्तर प्रदेश में साइकिल की रफ्तार को तेज होती देखकर सवेरे के समय भारतीय जनता पार्टी के साथ उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफा देने वाले दारा सिंह चौहान साइकिल पर सवार होकर विधानसभा चुनाव में उतरने के लिए निकल पड़े हैं। भदोही के भाजपा विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी के पार्टी को छोड़ने के बाद अब वह किस दल में जा रहे हैं, इस बाबत अभी ठीक-ठाक जानकारी नहीं मिली है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को भेजे अपने इस्तीफे में रविंद्र नाथ त्रिपाठी ने लिखा है कि भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश सरकार द्वारा अपने पूरे 5 साल के कार्यकाल के दौरान ब्राह्मण, अल्पसंख्यक, दलित और पिछड़े समुदाय के नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों को कोई तवज्जो नहीं दी गई है और ना ही उन्हें उचित सम्मान दिया गया है। इसके अलावा प्रदेश सरकार द्वारा ही दलितों, पिछड़ों, किसानों, बेरोजगार, नौजवानों तथा छोटे एवं लघु मध्यम श्रेणी के व्यापारियों की घोर उपेक्षा की गई है। प्रदेश सरकार के ऐसे कूटनीतिक रवैया के कारण मैं भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देता हूं। बीजेपी विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी ने कहा है कि स्वामी प्रसाद मौर्य लाचार, गरीब एवं पीड़ितों की आवाज है और वह हमारे नेता हैं तथा मैं उनके साथ हूं।



epmty
epmty
Top