अमरिंदर भाजपा के इशारे पर काम कर रहे थे : प्रियंका

अमरिंदर भाजपा के इशारे पर काम कर रहे थे : प्रियंका

चंडीगढ़। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इशारों पर काम कर रहे थे।

कोटकपुरा में कांग्रेस की रैली को संबोधित करते हुए महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिये बिना कहा कि पांच सालों से चल रही उनकी पार्टी की सरकार में कुछ खामियां थीं, कहीं रास्ते में भटक गये थे। उन्होंने कहा कि वह सरकार पंजाब से चलनी बंद हो गई। वो सरकार दिल्ली से चलने लगी और दिल्ली में भी कांग्रेस पार्टी से नहीं, बल्कि भाजपा और भाजपा की सरकार के जरिये चल रही थी।

कांग्रेस नेता ने कहा, " वह जो छुपी हुई सांठ-गांठ थी, आज खुले में आ गई है। इसलिए हमें वो सरकार बदलनी पड़ी, इसलिए हमें एक नयी राजनीति आपके सामने लानी पड़ी।"

उल्लेखनीय है कि पिछले साल सितंबर में कैप्टन अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटाकर चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया गया था। कांग्रेस ने चुनाव में श्री चन्नी को ही मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया हुआ है।

इस बीच कैप्टन ने पद से हटाये जाने के बाद कांग्रेस से इस्तीफा देकर पंजाब लोक कांग्रेस बना ली और भाजपा, शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं।

वार्ता

epmty
epmty
Top