अखिलेश ने कसा तंज- प्रदेश में अपराध चरम पर, कानून व्यवस्था ध्वस्त

अखिलेश ने कसा तंज- प्रदेश में अपराध चरम पर, कानून व्यवस्था ध्वस्त

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था और अपराध को लेकर मुख्यमंत्री के दावे हवा हवाई है। प्रदेश में अपराध चरम पर है, कानून व्यवस्था ध्वस्त है। भाजपा सरकार में दबंगों और अपराधियों को खुली छूट मिली हुई है।

अखिलेश यादव ने कहा कि राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में अपराधों की बाढ़ है। भाजपा सरकार का जीरो टॉलरेंस झूठा है। लखनऊ जनपद के मोहनलालगंज क्षेत्र में एक महिला के साथ धमकी देकर दुष्कर्म किया गया। खुद भाजपा मंडल अध्यक्ष के घर में चोरो ने लाखों का माल चोरी कर ले गए। ऑटो पर बैठी महिला ने दरोगा की चेन उड़ा दी। कानपुर में भाजपा नेताओं की मार से दवा व्यवसायी भाटिया की आंख को भी नुकसान पहुंचा। पुलिस देखती रही। भाजपाई दबंगों को रोकने की हिम्मत नहीं हुई। कहीं भाजपाई किसानों की जमीनें धोखे से छीन रहे हैं और कहीं व्यापारियों से रंगदारी वसूल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा दिखावे के लिए ‘बेटी पढ़ाओं-बेटी बचाओं, अभियान चलाती है जबकि भाजपा राज में महिलाओं, बच्चियों के साथ सर्वाधिक अपराध की घटनाएं हुई है। सरकार के अहंकार में भाजपाई दबंगई कर रहे हैं। सीतापुर में भाजपा सरकार के मंत्री के गुंडे बेटो ने दो बहनों की सरेआम पिटाई की है जिसके दृश्य सामने आए हैं। इन्हीं विधायक के कर्मचारी ने एक गरीब चाटवाले पर मोटरसाइकिल चढ़ा दी थी। जालौन के माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र में खेत पर चारा लेने गई बालिका के साथ प्रधान के भतीजे ने दुष्कर्म किया तो पुलिस मामला दर्ज करने में टाल मटोल कर रही है। उरई में अकेली महिला के साथ दुष्कर्म हुआ।

उन्होंने सरकार पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा “ मुख्यमंत्री जी का बुल्डोजर गरीब के घर जाता है, दबंगों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर क्यों नहीं पहुंच पाता है? अपने पार्टी के उदंड लोगों पर कार्रवाई करने में भाजपा सरकार की सांस फूलने लगती है। यह सरकार अपराधियों, माफियाओं की संरक्षक बन गयी है। भाजपा की सरकार से सभी परेशान है। महिलाएं, बेटियां सुरक्षित नहीं है। जनता यह सब देखकर चुपचाप नहीं रहेगी। 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार को हटाकर इस सबका जवाब देगी।”

वार्ता

epmty
epmty
Top