बघरा के बाद अब 7 मार्च को मेरठ में सुनाई देगी प्रियंका की गर्जना

मेरठ। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की गर्जना अब 7 मार्च को मेरठ के गांव कैली में सुनाई देगी। प्रियंका गांधी वाड्रा जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में आयोजित की जाने वाली किसान महापंचायत में आये किसानो को संबोधित कर नये कृषि कानूनों से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगी।
मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव चौधरी यशपाल सिंह ने बताया कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का आगामी 6 मार्च को जनपद मेरठ में आने का कार्यक्रम निर्धारित था। लेकिन असम, केरल व पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव में उनकी व्यस्तता के कारण अब किसान महापंचायत की तिथि एक दिन और आगे बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रियंका गांधी वाड्रा जनपद मेरठ के गांव कैली में नये कृषि कानूनों के विरोध में आयोजित की जाने वाली किसान महापंचायत को संबोधित करेंगी। स्थानीय कांग्रेस के प्रवक्ता हरिकिशन के अनुसार कांग्रेस की किसान महापंचायत सरधना विधानसभा क्षेत्र के कैली गांव में आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि किसान महापंचायत के स्थल में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि आगामी 7 मार्च को दोपहर 12.00 बजे जनपद के कैजह गांव में हनुमान मंदिर के पास चयनित किए गए स्थल पर किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी। जिसमें आए किसानों को प्रियंका गांधी वाड्रा संबोधित करेंगी।
गौरतलब है कि राजधानी में नए कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा निरंतर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसान महा पंचायतों को संबोधित कर रही हैं। पिछले दिनों पड़ौसी जनपद मुजफ्फरनगर के गांव बघरा में आयोजित की गई किसान महापंचायत में क्षेत्रीय किसानों ने भारी संख्या में शामिल होकर प्रियंका गांधी वाड्रा को सुना था।