आप ने इस सीट पर प्रत्याशी बदला

आप ने इस सीट पर प्रत्याशी बदला

नैनीताल। आम आदमी पार्टी (आप) ने आखिरी वक्त पर नैनीताल में प्रत्याशी बदल कर सबको चौंका दिया है। पार्टी की ओर से हेम आर्य को नया प्रत्याशी घोषित किया गया है। हेम आर्य ने आनन-फानन में शुक्रवार को नामांकन भी कर दिया। अब आम आदमी पार्टी की ओर से नैनीताल में दो-दो प्रत्याशी मैदान में हैं।

आप की ओर से काफी दिन पहले डा. भुवन आर्य को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया गया था। भुवन आर्य तभी से अपने प्रत्याशियों के साथ जोर शोर से चुनाव प्रचार में जुट गये थे। श्री आर्य ने गुरुवार को पार्टी सिम्बल के साथ नामांकन भी कर दिया। आज अचानक दोपहर में खबर आयी कि आप ने नैनीताल में हेम आर्य को पार्टी प्रत्याशी घोषित किया है।

भुवन आर्य से जब पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस संदर्भ में कोई जानकारी नहीं है और न ही पार्टी की ओर से उनसे सम्पर्क किया गया। श्री आर्य कहा कि पार्टी सिम्बल पर पहले नामांकन उन्होंने किया है।

पार्टी के इस कदम से पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी नाराज हैं। उन्होंने दबी जुबान से कहा कि प्रत्याशी बदलने से पहले किसी की राय नहीं ली गयी है। कुछ कार्यकर्ताओं ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि हेम आर्य को आज ही पार्टी की सदस्यता दिलायी गयी और आज ही टिकट दे दिया गया।

उल्लेखनीय है कि हेम आर्य कुछ दिन पहले ही कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए थे और जब भाजपा में टिकट नहीं मिला तो वह टिकट की लालसा में आप में चले गये।

इसके साथ ही आप पार्टी की ओर से आज जो उम्मीदवारों की छठी सूची जारी की गयी है उसमें रूद्रप्रयाग में भी प्रत्याशी के नाम में बदलाव किया है। किशोरी नंदन डोभाल की जगह प्यार सिंह नेगी को प्रत्याशी घोषित किया गया है। पार्टी ने यमुनोत्री से मनोज साह, कालाढूंगी से मंजू तिवारी, रूद्रपुर से नंदलाल को प्रत्याशी घोषित किया है। मंजू तिवारी आज ही कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हुई हैं।


वार्ता

epmty
epmty
Top